Bihar Chunav 2025: भ्रष्ट सरकार के ईमानदार CM, कई मंत्री और अधिकारियों की विदेशों में करोड़ों की प्रॉपर्टी- PK
Bihar Chunav 2025: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बुधवार को बेगूसराय के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला। भगवानपुर प्रखंड कार्यालय मैदान में आयोजित "बिहार बदलाव जनसभा" को संबोधित करते हुए उन्होंने बेगूसराय को क्रांतिकारियों की भूमि बताते हुए कहा कि आज भी यह जिला बदलाव का संदेश देने की क्षमता रखता है।
पीके ने भाजपा नेताओं की आलोचनाओं का पलटवार करते हुए कहा- "अगर किसी में दम है तो यहां आकर उतनी भीड़ जुटा कर दिखाए, जितनी आज हमारी सभा में आई है। उसी वक़्त साफ़ हो जाएगा कि फेसबुकिया नेता कौन है और असली जनता का नेता कौन।"

नीतीश सरकार पर करारा वार
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमला करने से बचते हुए उनके मंत्रियों और अफसरों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार "भ्रष्ट सरकार के ईमानदार मुख्यमंत्री" हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार के कई मंत्री और अफसरों ने इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में करोड़ों की प्रॉपर्टी खरीदी है।
पीके ने कहा- "बिहार का आम आदमी ग़रीबी में जी रहा है। गांव का नौजवान बाहर मज़दूरी कर रहा है और ये लोग लूट के पैसों से विदेशों में बंगले खड़े कर रहे हैं। नवंबर से अगर जन सुराज की सरकार बनी तो ऐसे भ्रष्ट नेताओं और अफसरों को जेल भेजकर उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी।"
युवाओं को रोजगार और पेंशन का बड़ा वादा
बेगूसराय की सभा में पीके ने युवाओं और बुजुर्गों के लिए कई बड़े वादे भी किए। उन्होंने कहा कि इस साल बिहार की बदहाली की "आखिरी दिवाली और आखिरी छठ" होगी। उन्होंने दावा किया कि दिसंबर 2025 से बेगूसराय समेत पूरे बिहार के युवाओं को राज्य में ही रोजगार मिलने लगेगा। अब बछवाड़ा या बेगूसराय का नौजवान दिल्ली, पंजाब या हरियाणा जाकर 10-12 हजार की मज़दूरी करने को मजबूर नहीं होगा।
हम बिहार के 50 लाख युवाओं को वापस बुलाकर यहीं 10-12 हजार रुपये की मासिक नौकरी देंगे। सिर्फ़ युवाओं के लिए ही नहीं, पीके ने बुजुर्गों के लिए भी मासिक पेंशन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जन सुराज की व्यवस्था आने पर 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।
शिक्षा सुधार पर खास ऐलान
जनसभा के मंच से प्रशांत किशोर ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी वादा किया। उन्होंने कहा कि जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं हो जाता, तब तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी।
"गरीब का बच्चा भी अब अंग्रेज़ी मीडियम निजी स्कूल में पढ़ेगा और उसकी फीस सरकार भरेगी। तब तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा जब तक सरकारी स्कूल सुधरें।"
बेगूसराय को बताया आंदोलनकारी भूमि
सभा की शुरुआत में प्रशांत किशोर ने बेगूसराय की ऐतिहासिक पहचान पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज़ादी से लेकर हर बड़े आंदोलन में इस जिले की भूमिका रही है। यही वजह है कि उनकी बिहार बदलाव यात्रा के लिए बेगूसराय को खास महत्व दिया गया है।
कुल मिलाकर, बेगूसराय की इस रैली में प्रशांत किशोर ने युवाओं, बुजुर्गों और शिक्षा से जुड़े बड़े ऐलान किए और साथ ही भाजपा तथा नीतीश सरकार पर करारे हमले किए। अब देखना होगा कि उनके इन वादों और तेवरों का आने वाले चुनावी समीकरणों पर कितना असर पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications