Bihar Chunav Phase 2: मांझी की बहू, भोजपुरी सिंगर—कई हाई प्रोफाइल चेहरे मैदान में, 10 सीटों पर सबसे बड़ी टक्कर
Bihar chunav 2025 Phase 2 Hot Seat: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरा चरण के तहत आज (11 नवंबर) 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। पहले चरण की तरह इस बार भी कुछ सीटें ऐसी हैं, जहां मुकाबला केवल जीत-हार का नहीं, बल्कि राजनीतिक वर्चस्व, जातीय समीकरण और परिवारिक साख का भी इम्तिहान बन गया है।
दूसरे चरण में कई हाई प्रोफाइल चेहरे चुनावी मैदान में हैं। नए चेहरों ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। इस बार के चुनाव में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा कुमारी, भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह, भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे तक और यूट्यूबर मनीष कश्यप जैसे हाई प्रोफाइल उम्मीदवारों ने इस चरण को सबसे चर्चित बना दिया है। ऐसे में आइए जानते हैं उन 10 हॉट सीटों के बारे में जहां, आज सबकी नजर है।

इन 10 सीटों पर मुकाबला अब किसी रणभूमि से कम नहीं-जहां एक तरफ दिग्गज नेता अपनी साख बचाने उतरे हैं, वहीं दूसरी ओर नए चेहरे अपनी पहचान बनाने की कोशिश में जुटे हैं।
Bihar Chunav Phase 2: बिहार की 10 हाई-प्रोफाइल सीटें और उसके चर्चित उम्मीदवार
🔹1. इमामगंज: मांझी परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर
गया जिले की इमामगंज सीट पर सबकी निगाहें टिकी हैं, क्योंकि यहां एनडीए की ओर से जीतन राम मांझी की बहू दीपा कुमारी मैदान में हैं। उनके सामने आरजेडी की रितु प्रिया चौधरी और जन सुराज पार्टी के डॉ. अजीत कुमार चुनौती दे रहे हैं। मांझी परिवार की यह सीट सिर्फ चुनावी नहीं, बल्कि सम्मान की लड़ाई बन चुकी है।
🔹2. काराकाट: पवन सिंह की पत्नी का सियासी डेब्यू
रोहतास की काराकाट सीट इस बार सुर्खियों में है क्योंकि भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की अलग रह रही पत्नी ज्योति सिंह बतौर निर्दलीय मैदान में हैं। उनके खिलाफ जेडीयू के महाबली सिंह, सीपीआई (माले)के अरुण सिंह और जन सुराज के योगेंद्र सिंह हैं। काराकाट पर इस बार वाम बनाम एनडीए नहीं, बल्कि ग्लैमर और ग्राउंड पॉलिटिक्स का जबरदस्त टकराव दिख रहा है।
🔹3. चनपटिया: यूट्यूबर मनीष कश्यप की सियासी परीक्षा
पश्चिम चंपारण की चनपटिया सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प है। यहां यूट्यूबर मनीष कश्यप जन सुराज पार्टी के टिकट से उतरे हैं। उनके सामने बीजेपी के उमाकांत सिंह और कांग्रेस के अभिषेक रंजन हैं। बीजेपी छोड़ जन सुराज में गए मनीष के लिए यह सीट उनकी सियासी जमीन साबित होगी या नहीं, इसका फैसला जनता करेगी।
🔹4. गोविंदगंज: कांग्रेस की साख बनाम एनडीए की पकड़
पूर्वी चंपारण की गोविंदगंज सीट पर कांग्रेस के शशि भूषण उर्फ गप्पू राय, लोजपा (रामविलास) के राजू तिवारी और जन सुराज के कमलेश कांत गिरी आमने-सामने हैं। कांग्रेस इस सीट से अपनी पुरानी पकड़ फिर से मजबूत करने में जुटी है, जबकि एनडीए इसे अपने गढ़ के रूप में बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है। यहां ब्राह्मण, वैश्य और पिछड़ा वर्ग के वोट निर्णायक माने जा रहे हैं।
🔹5. वारिसलीगंज: बाहुबली की पत्नियों में जंग
नवादा जिले की वारिसलीगंज सीट पर दो बाहुबली परिवार आमने-सामने हैं। भाजपा की मौजूदा विधायक अरुणा देवी (अखिलेश सिंह की पत्नी) के सामने आरजेडी की अनिता देवी (अशोक महतो की पत्नी) हैं। यह मुकाबला सत्ता और साख दोनों के लिए है। दोनों परिवारों के बीच पुरानी दुश्मनी अब राजनीतिक रंग ले चुकी है, और वारिसलीगंज इस वजह से हॉट सीट बन चुकी है।
🔹6. नबीनगर: आनंद मोहन के बेटे का बड़ा इम्तिहान
औरंगाबाद जिले की नबीनगर सीट पर इस बार सबकी निगाहें चेतन आनंद पर हैं, जो बाहुबली नेता आनंद मोहन के बेटे हैं। चेतन 2020 में आरजेडी से विधायक थे, लेकिन अब जेडीयू में आ गए हैं। इस बार उनका मुकाबला आरजेडी के अमोघ चंद्रवंशी से है। नबीनगर का यह चुनाव न सिर्फ पार्टी बदलने का असर दिखाएगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि चेतन की लोकप्रियता पिता के नाम से आगे जा पाती है या नहीं।
🔹7. जोकीहाट: मुस्लिम वोट बैंक की सबसे बड़ी जंग
अररिया की जोकीहाट सीट पर मुकाबला पूरी तरह सामुदायिक रणनीति पर टिका है। यहां जेडीयू के मंजर आलम, आरजेडी के शाहनवाज आलम, जन सुराज के सरफराज आलम और AIMIM के मुर्शीद आलम मैदान में हैं। यह सीट मुस्लिम वोटों के बंटवारे का सबसे बड़ा उदाहरण बन सकती है। राजद और एआईएमआईएम दोनों ही यहां अपना वर्चस्व साबित करने में जुटे हैं।
🔹8. रूपौली: बीमा भारती के दांव ने बदले समीकरण
पूर्णिया जिले की रूपौली सीट पर इस बार सबकी नजर बीमा भारती पर है, जो जेडीयू छोड़कर आरजेडी में शामिल हुई हैं। उनके खिलाफ जेडीयू के कलाधर मंडल और जन सुराज के आमोद कुमार हैं। बीमा भारती के पार्टी बदलने से यह सीट सुर्खियों में है। ग्रामीण इलाकों में उनकी पकड़ मजबूत है, लेकिन जेडीयू उन्हें "विश्वासघाती" बताकर मतदाताओं को साधने की कोशिश में है।
🔹9. करगहर: भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे का चुनावी जलवा
रोहतास जिले की करगहर सीट इस बार भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे की वजह से चर्चा में है। वे जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने मौजूदा विधायक संतोष मिश्रा पर भरोसा बनाए रखा है, जबकि जेडीयू ने वशिष्ठ सिंह को उतारा है। यह सीट मनोरंजन बनाम अनुभव की जंग बन चुकी है, जहां रितेश पांडे का स्टारडम और जनता का मूड दोनों ही अहम भूमिका निभाएंगे।
🔹 10. नवादा: बाहुबली राजबल्लभ यादव की पत्नी की अग्निपरीक्षा
नवादा सीट पर जेडीयू ने बाहुबली नेता राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को टिकट दिया है। उनके सामने आरजेडी के कौशल यादव हैं। राजबल्लभ यादव कभी रेप केस में जेल जा चुके हैं, लेकिन अब बरी होने के बाद फिर सक्रिय हैं। विभा देवी के कंधों पर अपने पति की सियासी विरासत को फिर से जिंदा करने की जिम्मेदारी है।
दूसरे चरण में 'स्टार' बनाम 'संगठन' की टक्कर
बिहार चुनाव 2025 के दूसरे चरण में हाई-प्रोफाइल उम्मीदवारों की भरमार है। मांझी परिवार, भोजपुरी सितारे, बाहुबली नेताओं के वारिस और नए चेहरे-सभी इस चुनाव में दांव लगा चुके हैं। अब देखना होगा कि 11 नवंबर को जनता किसे सियासत के इस महासंग्राम में विजेता बनाती है और कौन चकाचौंध के बीच गुम हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications