Bihar By Election 2024 Voting: पूर्णिया के रूपौली विधानसभा में मतदान के दौरान ग्रामीण और पुलिस में झड़प
Rupauli By Election News: बिहार के पूर्णिया जिले में बुधवार को उपचुनाव के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प की ख़बर सामने आ रही है। रूपौली विधानसभा (पूर्णिया) में भवानीपुर थाना इलाके में नंबर 75 और 76 पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने पत्थरबाज़ी शुरू कर दी। जिससे ड्यूटी पर तैनात चुनाव कर्मी तारकेश्वर सिंह (एसएचओ) और एक सिपाही ज़ख्मी हो गए और ग्रामीणों को भी चोट आई है।

स्थानीय लोगों की मानें तो बूथ नंबर 75 और 76 पर वोट देने के लिए कुछ लोग पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बातों को लेकर कहासुनी होने लगी। धीरे-धीरे बात बढ़ गई, जिसके बाद ग्रामीणों को गुस्सा आया और उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पत्थरबाज़ी में चुनावकर्मी औऱ ग्रामीण दोनों घायल हो गए।
पुलिस कर्मियों ने बताया कि मतदान केंद्र के बाहर स्थानीय लोगों ने भीड़ लगानी शुरू कर दी थी। उन्हें मतदान केंद्र से दूर जाने के लिए कहा गया तो वह लोग बहस करने लगे। इसी बात से गुस्साए ग्रामीणों ने पत्थरबाज़ी शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी और जिला प्रशासन की टीम मौक़े पर पहुंची है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बूछ पर हालात को काबू कर लिया गया है। एएसपी और डीएसपी के साथ बड़ी तादाद में पुलिस बल गांव में कैंप कर रही है।
इससे पहले रूपौली विधानसभा के गोरियर बूथ नंबर 235 पर निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह, उनकी पत्नी और समर्थकों ने हंगामा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि मतदाताओं को मतदान से रोका जा रहा है। साथ ही अपने समर्थकों पर के साथ पुलिस द्वारा मारपीट का आरोप भी लगया था।
निर्दलीय प्रत्याशी के बाद अब महागठबंधन की तरफ़ से राजद की टिकट पर चुनाव लड़ रही बीमा भारती ने प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बूथ पर प्रशासन मेरे एजेंट के साथ मारपीट की गई। प्रशासन बिक चुका है, रुपौली की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी।












Click it and Unblock the Notifications