जब विधानसभा में नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव से कहा: 'बाबू, अभी राजनीति में लंबा करियर है'
जब विधानसभा में
पटना। आज बिहार विधानसभा में आज कुछ ऐसा हुआ जो पहले शायद ही कभी हुआ हो। सदन में सीएम ने पूर्व डिप्टी सीएम को राजनीति का लंबा करियर होने की सलाह दी। दरअसल, अक्सर शांत रहने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा में नेता विपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के सवालों पर आपा खोते दिखे। इतना ही नहीं इस दौरान उन्होंने तेजस्वी से यह भी कह दिया कि - सुनो बाबू, अभी राजनीति में लंबा करियर है।' आज जब सदन में राज्य के गृह विभाग के बजट पर सरकार के जवाब देने का क्रम चल रहा था, इसी दौरान तेजस्वी ने औरंगाबाद के दंगों पर टिप्पणी की। इस दौरान नीतीश ने राजद के ही नेता अब्दुल बारी सिद्दकी की ओर इशारा करते हुए कहा कि 'कुछ सीखिए। यही सब बात बोला जाता है सदन में!' समाचार चैनल एनडीटीवी के अनुसार सीएम नीतीश कुमार जब सदन में औरंगाबाद के हालात की जानकारी दे रहे थे इस दौरान तेजस्वी की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि - 'सुन लो बाबू, अफवाहों को सदन में नहीं उभारा जाता।' इस पर तेजस्वी के ना रुकने पर नीतीश ने कहा कि - 'इस तरह बहस नहीं करते।'

गौरतलब है कि औरंगाबाद जिला में सोमवार को रामनवमी के जुलूस के दौरान दो पक्षों में पथराव और फायरिंग के बाद हालात तनावपूर्ण हैं। जिले में तनाव के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। प्रशासन ने उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए हैं। शहर में सीआरपीएफ ने फ्लैग मार्च कर मोर्चा संभाला हुआ है। पूरे शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी खुद मोर्चा संभाले हैं। जिले में हंगामा रामनवमी जुलूस के दौरान शुरू हुआ जिसने बाद में बेहद हिंसक रूप से लिया। उपद्रवियों ने बाजारों में जमकर तोड़फोड़ करते हुए करीब 50 दुकानों में आग लगा दी है। पुलिस ने दंगाईयों को खदेड़ने की कोशिश की तो पुलिस के साथ भी इनका टकराव हुआ। जिले नावाडीह मोहल्ले और सिन्हा सोशल क्लब में फायरिंग और बमबाजी, जबकि महाराजगंज रोड पर आगजनी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications