भोजपुरः माले नेता की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, पेड़ की डाली गिरने से हुई थी मौत
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के अजिमाबाद थाना क्षेत्र के चिल्हर गांव के रहने वाले माले नेता नेमोलाल मांझी की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पकड़े गए आरोपितों की पहचान शिवचंद्र मुसहर, कोल्हन मांझी और संजू मुसहर के रूप में हुई है, जो उसी गांव के रहने वाले हैं। हालांकि तीनों ने जो मौत का कारण बताया है वो काफी हैरान करने वाला है। उन्होंने बताया कि नेमोलाल मांझी की मौत पेड़ की डाली गिरने और दबने से हुई है।

पीरो के एसडीपीओ अशोक कुमार आजाद ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच शुरू की गई। तकनीकी ढंग से जांच के आधार पर चिल्हर गांव के शिवचन्द्र मुसहर, संजू मुसहर उर्फ संजू मांझी और कोल्हन मांझी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों ने पूरी घटना की सच्चाई बता दी।
एसडीपीओ के मुताबिक पकड़े गए तीनों आरोपितों ने बताया कि घटना के दिन सभी नेमोलाल के साथ पेड़ से लकड़ी काट रहे थे। शिवचंद्र मुसहर और संजू मुसहर करीब 7 फीट लंबा और काफी मोटे पेड़ की डाली काट रहे थे। अचानक पेड़ की डाली गिरने लगी। सभी चिल्लाकर भागे लेकिन नेमोलाल सुन नहीं पाया। इस वजह से डाली उसके गर्दन पर गिर पड़ी और गर्दन में पूरी तरह धंस गयी। इस कारण नेमोलाल मांझी की मौके पर ही मौत हो गयी। डर के मारे सभी वहां से भागे और नेमोलाल की चप्पल और लूंगी उसकी भतीजी को दे आए। जबकि नेमूलाल का शव बागीचे में ही छूट गया।












Click it and Unblock the Notifications