भोजपुरः नवनिर्वाचित मुखिया की गोली मारकर हत्या, एंबुलेंस से आए थे अपराधी
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के भलुआना गांव में बाबूबांध पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया संजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पीरो डीएसपी राहुल सिंह, जगदीशपुर एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन सहित स्थानीय थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बताया जा रहा है कि नवनिर्वाचित मुखिया संजय सिंह अपने बुलेट से जा रहे थे। इसी दौरान भलुआना गांव के पास एंबुलेंस से आए अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।

इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर सिर को पूरी तरह से क्षत-विक्षत कर दिया। घटना के वक्त कोई वहां मौजूद नहीं था, जिसके चलते पुलिस को कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला। हालांकि वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे अपराधियों की एंबुलेंस खाई में पलट गई लेकिन फिर भी अपराधी फरार होने में सफल हो गए।
बता दें कि मृतक संजय सिंह बाबूबांध पंचायत से दूसरी बार मुखिया का चुनाव जीते हैं। पांचवें चरण के तहत 24 अक्टूबर को चुनाव हुआ था और 26 अक्टूबर को संजय एक बार फिर मुखिया निर्वाचित हुए थे। मृतक के चाचा कमलेश सिंह ने कहा कि संजय सिंह अपने पंचायत के मुखिया के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता थे। विकास के काम को लेकर हमेशा क्षेत्र में घूमते रहते थे। आज भी अपने घर से करीब 12 बजे ठेंगवां गांव एक हरिकीर्तन में शामिल होने गए हुए थे। तभी अपराधियों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई है। इनकी हत्या चुनावी रंजिश में किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications