'जूता से मारेंगे' की धमकी देने वाले RJD विधायक भाई वीरेंद्र के पास कितना पैसा? क्या करते हैं काम, जानें सबकुछ
Bhai virendra Net Worth: बिहार की राजनीति में इन दिनों एक विवादित ऑडियो क्लिप ने हलचल मचा दी है, जिसने लोगों को वेब सीरीज 'पंचायत' की याद दिला दी। पटना के मनेर प्रखंड के बलुआ पंचायत के सचिव संदीप कुमार ने राजद (RJD) विधायक भाई वीरेंद्र के खिलाफ जातिसूचक गाली और धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। यह घटना 26 जुलाई की है, जब विधायक ने पंचायत सचिव को फोन कर 'रिंकी' नाम की महिला का डेथ सर्टिफिकेट जारी करने के बारे में पूछा। दिलचस्प बात यह रही कि सचिव ने फोन पर विधायक को पहचान नहीं पाया, जिससे भाई वीरेंद्र भड़क गए।
इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प पहलू ये है कि गांव का नाम बलुआ, घटना का पात्र सचिव, MLA की धमकी, और 'रिंकी'-ये सभी चीजें मशहूर वेब सीरीज 'पंचायत' के कथानक से मेल खाती हैं। इंटरनेट यूजर्स इसे "फुलेरा रियल में आ गया!" जैसी टिप्पणियों के साथ शेयर कर रहे हैं। इन सब के भी भाई वीरेंद्र अपनी संपत्ति को लेकर भी सुर्खियों में हैं। आइए जानें कितनी है भाई वीरेंद्र की कुल संपत्ति?

Bhai virendra Assets & Liabilities: विधायक भाई वीरेंद्र की संपत्ति?
🔴 बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक विधायक भाई वीरेंद्र की संपत्ति की कुल संपत्ति 2 करोड़ 55 लाख है। उनके पास लगभग उस वक्त कैश में एक लाख रुपये था।
🔴 भाई वीरेंद्र के अलग-अलग बैंक अकाउंट में 12 लाख से ज्यादा रुपये जमा हैं। एलआईसी या अन्य बीमा पॉलिसी में 7 लाख रुपये निवेश किए हैं।
🔴भाई वीरेंद्र के पास स्कॉर्पियो गाड़ी है, जिसकी कीमत उन्होंने 14 लाख रुपये बताई थी। भाई वीरेंद्र और उनकी पत्नी के पास लगभग 20 लाख रुपये के सोना-चांदी के गहने हैं।
🔴 अचल संपत्ति की बात करें तो भाई वीरेंद्र के पास एक करोड़ 22 लाख रुपये की कृषि भूमि है। एमएलए हाउसिंग सोसाइटी पटना में गैर कृषि भूमि भी है। भाई वीरेंद्र के घर की कीमत 55 लाख रुपये है।
🔴 भाई वीरेंद्र ने अपना और अपनी पत्नी का पेशा व्यवसाय और खेती बताया है। उनकी आमदनी का जरिया यही है। इसके अलावा एक विधायक के तौर पर आने वाली सैलरी भी उनकी कमाई का जरिया है। बिहार में विधायकों की सैलरी प्रति महीने लगभग एक लाख रुपये है।
बिहार 2015 में कितनी संपत्ति घोषित की थी 👉 कुल घोषित संपत्ति: ₹1,13,05,794 (1 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक)बिहार 2010 कितनी संपत्ति घोषित की थी?
👉 कुल घोषित संपत्ति: ₹33,48,773 (33 लाख रुपये से अधिक)
बिहार 2005 कितनी संपत्ति घोषित की थी?
👉 कुल घोषित संपत्ति: ₹13,44,385 (13 लाख रुपये से अधिक)
भाई वीरेंद्र और पंचायत सचिव का वायरल ऑडियो क्लिप
- वायरल ऑडियो क्लिप: "जो मुझे नहीं पहचानता, उसे मैं खुद बताऊं?"
- विधायक भाई वीरेंद्र: "तू भाई वीरेंद्र को नहीं जानता? तू चाहता है कि मैं खुद अपना परिचय दूं? पूरा देश जानता है मुझे।"
- सचिव संदीप कुमार: "अगर आप इज्जत से बात करेंगे तो मैं भी करूंगा। मुझे किसी से डर नहीं है।"
- विधायक ने सचिव को धमकाते हुए कहा -"जूते से मारूंगा तुझे... केस कर देना, जो करना है कर लेना... कुछ भी हो सकता है!"
यह ऑडियो क्लिप देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद मनेर के BDO ने पंचायत सचिव को शो-कॉज नोटिस भी थमा दिया, लेकिन इसके बावजूद सचिव संदीप कुमार ने हिम्मत नहीं हारी और SC/ST थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी। पटना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाई वीरेंद्र की सफाई: "हम दोषी नहीं हैं, जनता के प्रतिनिधि हैं, सही पैरवी की है"
भाई वीरेंद्र ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए स्पष्टीकरण देकर खेद भी जताया था। भाई वीरेंद्र ने लिखा था, 'मेरे विधानसभा क्षेत्र के एक पंचायत सचिव द्वारा मेरी एक रिकॉर्डिंग कॉल को जानबूझकर सोशल मीडिया में वायरल किया जा रहा है। उस कॉल में मैंने कुछ कड़े शब्द जरूर कहे, जिसका मुझे खेद है -लेकिन यह बात भी सभी जान लें कि जब मैंने उसे फोन किया, वह न तो शिष्टाचार से पेश आया, न अभिवादन किया और न ही जनता के कार्य को गंभीरता से लिया।''
भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत में खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "हम कहीं भी दोषी नहीं हैं। हम जनता के नुमाइंदे हैं और जनता की समस्या सुनना और उसके समाधान के लिए फोन करना हमारा कर्तव्य है।"
उन्होंने दावा किया कि बलुआ पंचायत के सचिव ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। विधायक ने कहा, "अब 7 दिन से ज्यादा हो गए, लेकिन मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनाया गया था।'' विधायक के मुताबिक, जब वह अपने क्षेत्र में दौरे पर थे, तब स्थानीय लोगों ने उन्हें इस मामले की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पंचायत सचिव को फोन किया।












Click it and Unblock the Notifications