बिहारः सड़क किनारे बैठाकर जिन्न निकालने के नाम पर बाबा बच्ची को देता रहा शारीरिक यातनाएं
भागलपुर। बिहार के भागलपुर के घंटाघर चौक पर स्थित मां मनसा देवी विषहरी की मंदिर में एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया। एक बाबा 12 वर्षीय बच्ची पर कथित तौर से आए जिन्न भगाने के नाम पर पूरे दिन अंधविश्वास करता रहा। हालांकि इस दौरान सड़क पर से गुजर रहे लोग चुपचाप सबकुछ देखकर आगे बढ़ते रहे। औघड़ बाबा एक डंडे के साथ बच्ची से सवाल-जवाब के साथ धूप और आग की तपिश के बीच लड़की में आए जिन्न भगाने के नाम पर पूरे दिन नाटक करता रहा।

कुछ दिनों से छात्रा कर रही थी असमान्य हरकत
न्यूज 18 के मुताबिक बच्ची बैठे-बैठे झूमती रही और परिजन उसे जबरदस्ती पकड़कर औघड़ बाबा को सहयोग करते रहे। 12 वर्षीय बच्ची औघड़ बाबा की प्रताड़ना झेलने को मजबूर थी। कहा ये भी जा रहा है कि बाहर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पुलिस वाले भी मौजूद थे। दरअसल, एक निजी स्कूल में पांच कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की दादी ने अपने दमाद पर ही जिन्न भेजने का आरोप लगाते हुए घर में पिछले पांच दिनों से असामान्य हरकत करने की बात कही।

जिन्न भगाने के नाम पर बाबा ने दी यातनाएं
बच्ची की मौसी ने बताया कि वो घर के सामानों को फेंक रही थी और लोगों को मारने के लिए दौड़ रही थी। दिन में रह-रहकर हो रहे इस हरकत से घर के लोग परेशान हो गए और निजात पाने बाबा के पास लेकर आए थे। बच्ची की मौसी ने बताया कि इससे पहले भी झाड़-फूंक करवाया था लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। डॉक्टर के पास ले जाने की बात पर परिजनों ने साफ इनकार कर दिया। परिजन का दावा है कि इस बीमारी का इलाज डॉक्टरों के पास नहीं है।

500 रुपये लेकर परिजनों को वापस भेजा
जिन्न भगाने के नाम पर बाबा ने बच्ची को शारीरिक यातनाएं दी। हद तो तब हो गई जब बाबा ने परिजनों से 500 रुपए लिए और अगले दिन जिन्न के निकले जाने की बात कहकर बच्ची के साथ परिजनों को वापस भेज दिया। विज्ञान और मेडिकल साइंस के बढ़ते कदम के बीच समाज में अंधविश्वास को लेकर फैला ऐसी अवधारणा से स्पष्ट है कि आखिर आज कुछ लोग ऐसी मान्यताओं में भरोसा करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications