भागलपुरः भाभी ने पति की मौत के बाद देवर से की थी शादी तो भतीजों ने जमीन के लालच में कर दी हत्या
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के धोबिनिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां, गुड़िया नाम की महिला के मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुड़िया ने अपने पहले पति जाले यादव की मौत के बाद चचेरे देवर धर्मवीर यादव से शादी की थी। अपनी जिंदगी को काटने के लिए 42 साल की गुड़िया ने अपने से 7 साल छोटे चचेरे देवर से शादी की थी। लेकिन मृतक जाले यादव के बड़े भाई और उसके बेटों को यह बात काफी खटक रही थी।

गुस्से में आकर भतीजों ने गुड़िया के हिस्से में पड़ने वाली साढे़ तीन बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया था। गुड़िया ने इस बात का विरोध किया तो भतीजों ने कहा कि रात को घर पर आकर बात करना। इसके बाद जब बीते शनिवार को गुड़िया उनसे बात करने गई तो एक भतीजे ने उसे गोली मार दी, जिससे गुड़िया की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवगछिया थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि हत्या की वजह महिला की दूसरी शादी थी। मृतका के 3 भतीजों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। आरोपितों की तलाश में छापेमारी चल रही है। परिजनों का कहना है कि जले यादव की अक्टूबर साल 2020 में बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
इसके बाद गुड़िया ने अपने चचेरे देवर के साथ शादी कर ली थी। जाले के बड़े भाई जवाहर यादव और उसके बेटों ने गुरुवार की रात गुड़िया को अपने घर पर बुलाया और उससे झगड़ने लगा। इसी दौरान उन लोगों ने मिलकर गुड़िया की हत्या कर दी। मृतका के दूसरे पति धर्मवीर यादव का आरोप है कि जवाहर यादव के तीनों विकास पुत्र विकास यादव, मिथुन यादव और मृत्युंजय यादव ने अन्य 5 लोगों के साथ मिलकर हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications