बेतियाः गंडक नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, दो को ग्रामीणों ने बचाया
बेतिया। बिहार के बेतिया जिले में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां जिले के शास्त्री नगर के पास मौजूद गंडक नदी में नहाने के लिए पहुंचे दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। इस दौरान ग्रामीणों की मदद से दो बच्चों को बचाया गया है। सभी बच्चे नगर के शास्त्री नगर के पास गंडक नदी में नहाने के लिए गए थे। वहीं घटना में मृतक दो बच्चों के शव को स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से गंडक नदी में से निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है।

मोतिहारी दवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या
वहीं मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह जमीनी विवाद में एक युवक ने दवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। दरअसल, सुबह के वक्त दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी चल रही थी। इसी दौरान दवा व्यवसायी युवक विवेक कुमार ने आगे आकर कहा- हिम्मत है तो मार दो। इस दौरान दूसरे पक्ष के गोलू नाम के युवक ने तुरंत फायर कर दिया।
गोली मारने के बाद भाग रहे गोलू को घायल विवेक के घरवालों ने पकड़ लिया, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे छुड़ा दिया और वह भाग निकला। वहीं आनन-फानन में परिजन विवेक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भी ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से हत्यारोपी परिवार के सारे पुरुष सदस्य फरार हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications