Ankita Kumari कौन थी? मुस्लिम से लव मैरिज-4 साल बाद ससुराल में मौत, मां से बोली- 'बचा लो, ये मुझे मार डालेगा'

Begusarai Ankita Kumari Case: बिहार के बेगूसराय में 25 वर्षीय अंकिता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। अंकिता की मां द्रौपदी देवी ने अपने दामाद मोहम्मद आरजू और उसके परिवार के सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में सबसे अहम बात अंकिता की मौत से कुछ घंटे पहले अपनी मां से हुई बातचीत है। मां के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात अंकिता ने फोन कर ससुराल में हो रही प्रताड़ना की शिकायत की थी। वह रो रही थी और अपने मायके वापस ले जाने की गुहार लगा रही थी। मां ने सुबह गाड़ी लेकर आने का भरोसा दिया, लेकिन इससे पहले ही बेटी की मौत की खबर आ गई। पुलिस फिलहाल मौत की परिस्थितियों, दहेज उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

begusarai-ankita-kumari-case

Who Was Ankita Kumari: कौन थी अंकिता कुमारी?

अंकिता कुमारी बिहार के मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। साल 2021 में वह एक अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात बेगूसराय जिले के बड़ी बलिया निवासी मोहम्मद आरजू से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ और बाद में उन्होंने साथ रहने का फैसला किया।

अंकिता के परिवार को जब इस रिश्ते की जानकारी मिली, तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद 29 मई 2021 को अंकिता के अचानक घर से चले जाने पर उसकी मां द्रौपदी देवी ने कासिम बाजार थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। कुछ दिनों बाद अंकिता और आरजू अदालत पहुंचे। वहां अंकिता ने आरजू के साथ अपनी मर्जी से रहने की बात कही। दोनों के बालिग होने के कारण अंकिता अपने फैसले के मुताबिक, आरजू के साथ बड़ी बलिया चली गई। इस तरह शुरू हुआ दोनों का रिश्ता शादी और साथ रहने तक पहुंचा। हालांकि, अंकिता की मां का आरोप है कि समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।

शादी के बाद क्यों बढ़ने लगा विवाद?

अंकिता की मां द्रौपदी देवी के मुताबिक, अंकिता हिंदू धर्म को मानती थी, जबकि आरजू मुस्लिम समुदाय से था। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद आरजू के बड़े भाई मोहम्मद अरमान आलम, उसकी पत्नी, बहन और परिवार के अन्य लोगों ने अंकिता पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। मां का यह भी आरोप है कि अंकिता से मायके से नकदी और सामान लाने के लिए कहा जाता था। कथित मांगें पूरी नहीं होने और धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। द्रौपदी देवी के अनुसार, परिवार ने कई बार दोनों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की। कुछ समय के लिए अंकिता मायके भी आई, लेकिन बाद में वह फिर अपने पति के पास लौट गई। मां का दावा है कि इसके बाद भी कथित उत्पीड़न जारी रहा।

बेटी के जन्म के बाद भी नहीं थमा विवाद?

परिजनों के मुताबिक, अंकिता ने साल 2023 में एक बेटी को जन्म दिया। उसकी मां का आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद पति-पत्नी के बीच तनाव और बढ़ गया। परिवार ने यह भी दावा किया कि दशहरा के दौरान अंकिता बड़ी बलिया के दुर्गा मंदिर में पूजा करना चाहती थी। उसने अपने पति से मंदिर ले जाने के लिए कहा था।

आरोप है कि आरजू ने इस मांग को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि उसके समुदाय के लोग देखेंगे तो विवाद हो सकता है। मां के मुताबिक, इस बात को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। परिजनों का कहना है कि धर्म और दहेज को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बीच अंकिता को लगातार परेशान किया जा रहा था। पुलिस इन घटनाओं और आरोपों की जांच कर रही है।

मौत से पहले मां को किया फोन, रोते हुए लगाई गुहार

19 अक्टूबर की रात अंकिता ने अपनी मां द्रौपदी देवी को फोन किया। मां के अनुसार, बेटी ने ससुराल में होने वाली मारपीट और दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की थी।

द्रौपदी देवी का कहना है कि रात करीब 9 बजे भी अंकिता ने उनसे बात की थी। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे बेटी का दोबारा फोन आया। वह डरी हुई थी और रोते हुए घर वापस ले जाने की गुहार लगा रही थी। मां के मुताबिक, अंकिता ने कहा था, 'मां... ये हमें रोज-रोज दहेज के लिए बोलता है और मारपीट करता है। अब हम इसके साथ नहीं रहेंगे, नहीं तो किसी दिन हमको मार देगा। हमको यहां से ले चलो।' बेटी की बात सुनकर मां ने उसे समझाया और सुबह गाड़ी लेकर आने का भरोसा दिया। लेकिन कुछ ही घंटों बाद घटनाक्रम बदल गया।

रात 2 बजे आई मौत की खबर

द्रौपदी देवी के मुताबिक, दशहरा (विजयादशमी) के पर्व पर 20 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे मोहम्मद आरजू ने फोन कर बताया कि अंकिता ने फांसी लगा ली है। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। अंकिता की मां ने मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि उसके साथ पहले मारपीट की गई और गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया।

मां ने अपने आवेदन में आरजू, उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों को आरोपी बनाया है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अंकिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पति और परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

अंकिता की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में दहेज उत्पीड़न, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरजू के पुराने मामलों का भी जिक्र किया है। मां के अनुसार, आरजू पहले भी एक हिंदू लड़की को भगाने से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। उन्होंने एक अन्य मामले के बलिया मुंसिफ न्यायालय में लंबित होने और वर्ष 2025 में आरजू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज होने की जानकारी भी दी है।

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

अंकिता की मां के आवेदन पर बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस धर्म परिवर्तन और दहेज हत्या से जुड़े आरोपों की तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+