औरंगाबादः पति-पत्नी को तांत्रिक बताकर अपराधियों ने कुल्हाड़ी से काट डाला
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले में बुधवार की अहले सुबह मदनपुर थाना क्षेत्र के जनुआईन गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तांत्रिक बताकर अपराधियों ने एक पति-पत्नी की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। मृतक दंपति की पहचान 60 वर्षीय फकीरा भुईयां और उनकी 55 वर्षीय पत्नी पनवा देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पाकर मदनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने 2 आरोपियों को भी मौके से हिरासत में ले लिया।

मदनपुर थाने में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों में उसी गांव निवासी लालमोहन भुईयां व तपेश्वेर भुईयां शामिल हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 5 महीने पहले गांव निवासी लालमोहन भुईयां के बेटे संजय भुईयां की मौत किसी अज्ञात बीमारी के कारण हो गई थी। उसी वक्त से लालमोहन फकीरा भुईयां पर झांड़फूक बेटे को मारने का आरोप लगा रहा था।
मंगलवार की रात 11 बजे शराब के नशे में फकीरा भुईयां को गाली-गलौज कर रहा था, लेकिन वह कुछ नहीं बोला। जब बुधवार की सुबह फकीरा भुईयां की पत्नी सोकर घर से बाहर निकली तो लालमोहन समेत अन्य ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। फिर घर में घुसकर फकीरा को भी टांगी से काट डाला। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।












Click it and Unblock the Notifications