बिहार में 11 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी ओवैसी की पार्टी, जानिए कैसे I.N.D.I.A. का बिगाड़ेगी खेल?
देश में लोकसभा चुनाव को लेकर अगले कुछ दिनों में चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान करेगा। इस बीच ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने बिहार की 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बिहार की किशनगंज समेत 11 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही है। असदुद्दीन ओवैसी ने पहले ही बिहार में अपनी पार्टी के प्रत्याशी उतारने के संकेत दे दिए थे। हालांकि, तब उन्होंने सिर्फ बिहार में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाले जिले किशनगंज में ही अपना प्रत्याशी उतारने की बात कंफर्म की थी।

बिहार में ओवैसी की पार्टी AIMIM किशनगंज, कटिहार, अररिया, पूर्णिया, दरभंगा, मुजफरपुर, उजियारपुर, भागलपुर, काराकाट, बक्सर और गया सीट से अपने प्रत्याशी उतारेगी। इन 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बताया कि दूसरे दलों से भी उनकी बातचीत चल रही है।
अख्तरुल ईमान ने कहा कि -हम लोगों के बारे में कहा जाता था कि हम लोग सिर्फ कांग्रेस के खिलाफ उम्मीदवार उतारते हैं लेकिन हम बिहार में बीजेपी, जेडीयू, कांग्रेस के खिलाफ कैंडिडेट दे रहे हैं। जहां तक आरजेडी की बात है तो उनके खिलाफ भी चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अभी तो लोकसभा में उनके एक भी सांसद बिहार से नहीं हैं।
आपको बता दें कि ओवैसी ने बिहार की 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह बीजेपी की खिलाफ चुनाव लड़ने वाली सभी पार्टियों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ये सभी सीटें मुस्लिम बहुल हैं। ऐसे में अगर ओवैसी की पार्टी को मुस्लिमों का समर्थन मिलता है तो ये I.N.D.I.A गठबंधन के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
विधानसभा चुनाव में किया था खेल खराब
ओवैसी की पार्टी AIMIM ने बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था और 5 सीट हासिल की थीं। इतना ही नहीं, इस पार्टी ने कई अन्य सीटों पर भी महागठबंधन का खेल खराब किया था।












Click it and Unblock the Notifications