अरवलः जिउतिया पूर्व पर सोन नदी में नहाने के दौरान चार बच्चों की डूबने से हुई मौत, दो को गांव वालों ने बचा लिया
अरवल। बिहार के अरवल जिले के अलग-अलग जगहों पर सोन नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। वहीं दो बच्चे इस दौरान घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिउतिया पूर्व को लेकर सोन नदी में महिलाएं नहाने जा रही थीं तभी उनके साथ बच्चे भी चले गए। सोन नदी में बालू निकासी के बाद से सभी घाटों पर नदी की गहराई काफी बढ़ गई है, जिसके चलते यह हादसा हुआ है। जिले के आगानूर चौकी कामता मठिया और अरवल घाट पर अलग-अलग जगहों पर 6 बच्चे डूब गए।

आनन-फानन में सभी को सदर अस्पताल लाया गया लेकिन इस दौरान चिकित्सकों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से दो बच्चों को सही समय पर बचा लिया गया। वहीं त्योहार के दिन इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक महानंद सिंह भी पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचे। विधायक ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की राशि की मांग की है।
सीवान में चाची-भतीजा डूबे
वहीं सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में भी जिउतिया के दौरान नदी में नहाने के क्रम में दो लोग डूब गए और उनकी मौत हो गई। गांव की सरिता देवी नाम की महिला अपने भतीजा सुमित के साथ नदी में नहाने गई थी तभी अचानक दोनों डूब गए। घंटों बाद ग्रामीणों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। स्थीनय लोग दोनों को नदी से बाहर निकालकर सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications