आतंकी हमले में मारे गए योगेंद्र ऋषि की मां ने सरकार से मांगी मदद, कहा- अभी तो कमाने गया था बेटा
अररिया। कश्मीर के कुलगाम जिले के लारां गंजीपोरा में बीते रविवार को आतंकियों ने दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। मृतक मजदूरों की पहचान अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड के बौसीं थाना क्षेत्र के 32 वर्षीय राजा ऋषिदेव और अररिया प्रखंड के बनगामा पंचायत के खेरूगंज के 34 वर्षीय योगेंद्र ऋषिदेव के रूप में हुई है।

वहीं घटना को लेकर योगेंद्र ऋषिदेव की मां ने बताया कि तीन-चार महीने पहले ही उनका बेटा कश्मीर गया था। वह तीन बच्चों का पालन-पोषण करता था। सरकार को हमारी मदद करनी चाहिए। दोनों परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं श्रीनगर में आतंकी हमले में मारे गए अरविंद कुमार साव का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह 6 बजे बांका पहुंच गया।
बूढ़े मां-बाप की आखिरी इच्छा थी कि बेटे का अंतिम संस्कार गांव में किया जाए। बांका के डीएम ने शव को पटना एयरपोर्ट से अरविंद के गांव बाराहाट के परघड़ी लखपुरा लाने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाई थी। सुबह करीब 10 बजे अरविंद के अंतिम संस्कार के लिए लोग मंदार के पपर्णी घाट गए। भाई मुकेश साव ने मुखाग्नि दी।
कुलगाम में बीते रविवार को बिहार के दो मजदूरों की हत्या को लेकर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को आड़े हाथों ले लिया है। लगातार ट्वीट कर उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है और मजदूरों की मौत के लिए राज्य सरकार को भी जिम्मेदार ठहराया है।












Click it and Unblock the Notifications