Anant Singh Arrest: मोकामा हत्याकांड में अनंत सिंह गिरफ्तार, DM डॉ. त्यागराजन एसएम, SSP कार्तिकेय ने क्या कहा?
Anant Singh Arrest: मोकामा विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्टूबर को हुई चुनावी हिंसा और दुलारचंद यादव मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड पर लेने की कोशिश कर रही है।
घटना के दौरान मौजूद थे अनंत सिंह: SSP का बयान
पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान मिले सबूतों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से यह स्पष्ट हुआ है कि घटनास्थल पर अनंत सिंह मौजूद थे और पूरी घटना उनकी उपस्थिति में हुई। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों में झड़प हुई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव और गोलीबारी की। झड़प के बाद मौके से एक शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान 75 वर्षीय दुलारचंद यादव के रूप में हुई।

SSP के अनुसार, मृतक के पैर में गोली लगी थी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि हत्या गोली लगने से हुई। गोली शरीर के आर-पार हो गई, इसलिए बरामद नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और CID भी जांच में शामिल है।
DM का सख्त संदेश: आचार संहिता का सख्ती से पालन होगा
पटना के DM डॉ. थियागराजन एस.एम. ने कहा कि मोकामा की घटना को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा, "हम चुनाव आयोग के निर्देशानुसार स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अगर कोई व्यक्ति या समूह कानून या आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
DM ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में 50 से अधिक चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। हथियार जमा कराए जा रहे हैं, और क्षेत्र में CAPF कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही पुलिस, प्रशासन और मजिस्ट्रेट संयुक्त रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं ताकि किसी भी तरह की हिंसा या गड़बड़ी को रोका जा सके।
चुनावी हिंसा पर बढ़ी सियासी सरगर्मी
मोकामा की घटना ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। यह इलाका पहले से ही अनंत सिंह का प्रभाव क्षेत्र माना जाता रहा है, लेकिन हत्या की इस वारदात और गिरफ्तारी ने आगामी चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर दिया है। अब देखना यह होगा कि इस कार्रवाई के बाद मोकामा विधानसभा में राजनीतिक हवा किस दिशा में मुड़ती है।












Click it and Unblock the Notifications