Bihar Weather News: पटना, गया और दक्षिण बिहार में कोहरे का प्रकोप बढ़ा, अगले चार दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम
Bihar Weather News: पिछले कई दिनों से बिहार का न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे बना हुआ था। एक हफ्ते तक रातें एक अंक के तापमान पर गुजर रही थीं। लेकिन पछुआ हवा की गति कम होने के साथ ही रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद कोहरे का प्रकोप पहले से ज्यादा बढ़ गया है।
गयाजी में सबसे ज्यादा घना कोहरा, विजिबिलिटी घटी
बुधवार को बिहार के कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया। गयाजी में विजिबिलिटी 600 मीटर तक पहुंच गई, जो इस सीजन का सबसे घना कोहरा माना जा रहा है। पटना समेत कई शहरी व ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय तेज कुहासा और फसलों पर ओस की परत देखने को मिल रही है।

इस हफ्ते मौसम रहेगा शुष्क, ठंड में मामूली उतार-चढ़ाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सप्ताहभर मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिन का अधिकतम तापमान 26-32°C और न्यूनतम तापमान 12-18°C के बीच रहने की संभावना है। दक्षिण बिहार के जिलों में अधिक कोहरा और ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। बीते 24 घंटों में तापमान में 1-3°C तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि पूर्वी बिहार में तापमान स्थिर बना हुआ है।
फिलहाल स्थिर मौसम, कोहरे का असर रहेगा
राज्य में फिलहाल मौसम के मिजाज में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है। पछुआ हवा की हल्की गति जारी रहेगी, जिससे सुबह-सुबह कोहरा और भी घना हो सकता है। पूर्णिया में दिन का तापमान 30.8°C और औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 12.2°C दर्ज किया गया।
22 नवंबर से बदल सकता है मौसम का रुख
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 22 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके पश्चिम-उत्तरी दिशा में बढ़ने के बाद बिहार के मौसम पर इसका असर पड़ सकता है। कोहरा, ठंड और बारिश-इनमें से कौन-सा बदलाव दिखेगा, यह स्थिति अगले कुछ दिनों में साफ होगी। फिलहाल प्रदेश में स्थिर और शुष्क मौसम बना रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications