बिहार: सो रहा था गार्ड, जेब से चाबी निकालकर फरार हुए 5 बाल अपराधी
गया। बिहार के गया में बाल सुधार गृह से 5 बाल कैदी फरार हो गए। इस बात का खुलासा रविवार को बाल कैदियों की गिनती के दौरान हुआ। कैदियों के फरार होने की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

बिहार के गया में सीआरपीएफ कैंप के पास बाल सुधार गृह स्थित है। बाल सुधार गृह में रहने वाले कैदी अपने काम में व्यस्त थे तभी मेन गेट का गार्ड आराम से डबल ड्यूटी करने के कारण सो रहा था। गार्ड को सोते हुए देख पांच बाल कैदियों ने उसके जेब से चाबी निकाली और गेट का ताला खोल कर आराम से फरार हो गए। बता दें कि फरार हुए चार बाल अपराधी चोरी के मामले में जेल में बंद थे तो एक के ऊपर हत्या का मुकदमा चल रहा था।
बता दें कि गेट की चाबी सैप के जवान के पास रहती थी, लेकिन उस दिन दैनिक वेतन पर रखे गए गार्ड ने एक लड़के को कोर्ट के आदेश पर परिजन को सौंपने के लिए चाबी ली थी। उसके बाद गार्ड ने सैप के जवान को चाबी नहीं लौटायी और चाबी अपनी पैंट की जेब में रखकर गार्ड गेट के पास ही सो गया था। फिलहाल पुलिस फरार बच्चों को पकड़ने के लिए जगह जगह पर छापेमारी कर रही है।
बाल सुधार गृह के अधीक्षक अरुण कुमार पासवान ने बताया कि गार्ड दिन रात डयूटी कर रहा था इसके कारण उसकी आंखें लग गई। इसका फायदा उठाते हुए बाल अपराधी जेल से फरार हो गए। इस मामले में नजदीकी थाने को लिखित आवेदन दिया गया है। वहीं जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने इस मामले की जांच का आदेश दिया है साथ ही कहा कि जो कोई भी इस मामले में दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications