Patna: जज की कार 20 फुट गहरे गड्डे में पलटी; पिता समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत, बेटा घायल
बिहार के सहरसा में सोमवार सुबह पटना सिविल कोर्ट के जज की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे उनके पिता और दो चाचा की मौत हो गई। जबकि स्वयं जज, उनका बेटा और भांजा गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को जज अपनी रिश्तेदारी में एक समारोह में शामिल होने गए थे, वहीं से वापस लौटते वक्त यह हादसा हुआ है।
20 फुट गहरे गड्ढे में पलटी जज की कार
सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कहा कि एक चार पहिया वाहन में सवार होकर 6 लोग आ रहे थे। रास्ते में भटोनि पंचायत टेंगराही मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी 20 फुट गहरे गड्ढे में पलट गई। इसमें 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और तीन लोग जख्मी हो गए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सहरसा भेज दिया गया है।

साले के फलदान समारोह में गए थे जज
बता दें कि 45 वर्षीय जज प्रफुल्ल कुमार सिंह रविवार को अपने गांव सरडीहा से सहजादपुर गए थे। यहां जज अपने साले के फलदान समारोह में शामिल होकर सोमवार की सुबह लौट रहे थे। इसी दौरान जज की कार दूसरी गाड़ी से भिड़ गई। जज की कार अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। जिससे उनकी गाड़ी का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

पिता और दो चाचा की मौत
इस हादसे में जज के पिता रंजीत सिंह (65), बड़े चाचा नारद सिंह(70) और छोटे चाचा सचिन सिंह (55) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में घायल जज, उनके 7 वर्षीय बेटे मंयक राठौड़ और 6 साल के भांजे नवनीत कुमार का इलाज चल रहा है। परिजन मदनजीत सिंह चौहान ने कहा कि प्रफुल्ल अपने साले के फलदान में गए थे। लौटने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। जिसके कारण हादसा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications