बिहार: जनता को नहीं मिल रहा इलाज, लालू के घर 8 दिन तैनात रहे 3 डॉक्टर
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार फिर से विवादों में फंस सकता है। एक ओर तो बिहार में स्वास्थ्य सेवाएं बदतर हैं वहीं दूसरी ओर राज्य के पूर्व सीएम लालू के घर इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के तीन डॉक्टर और दो स्टाफ नर्स तैनात किए गए थे।

टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार यह तैनाती 8 दिनों तक की थी। बताया गया कि 31 मई से 8 जून तक ये सभी सरकारी डॉक्टर लालू के घर तैनात रहे।
मिली जानकारी के अनुसार 11 जून को ही अपना जन्मदिन मनाने वाले लालू प्रसाद यादव पहले से बीमार चल रहे थे, जिसके चलते तीन बड़े डॉक्टर, दो पुरुष नर्स 31 मई से 8 जून तक के लिए तैनात थे। हालांकि 8 जून को फिर से सभी डॉक्टरों की तैनाती IGIMS में कर दी गई।
अस्पताल अध्यक्ष ने कहा...
इस मसले पर IGIMS के मेडिकल सुप्रीटेंडेंट पीके सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री चेयरमैन हैं। उनके आवास पर टीम भेजनी थी, मैं मना नहीं कर सकता था।
यह पूछे जाने की पर कि वह टीम किसका इलाज करने गई थी, इस पर सिन्हा ने कहा कि 'मैं यह क्यों बताऊं कि वो किसका इलाज कर रहे थे, कोई तेजप्रताप जी की फैमिली से ही था।'
भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा...
इस मामले के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा कि अगर लालू बीमार थे तो उन्हें अस्पताल में आना चाहिए था। मोदी ने कहा कि इस पर सीएम नीतीश कुमार को जवाब देना चाहिए।
मोदी ने कहा कि एक ओर बिहार जनता को इलाज नहीं मिल रहा है दूसरी ओर ऐसे मामलों से बाकी देश में क्या संदेश जाएगा? मोदी ने कहा कि लालू को बिहार की जनता की दिक्कत से कोई फर्क नहीं पड़ता।












Click it and Unblock the Notifications