रेल मंत्री ने किया बलांगीर का दौरा, कहा- ओडिशा की रेल परियोजनाओं को दी जा रही प्राथमिकता
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बलांगीर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ओडिशा में जो रेल प्रोजेक्ट चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
भुवनेश्वर, 23 अगस्त। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बलांगीर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ओडिशा में जो रेल प्रोजेक्ट चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। परियोजना को शीघ्र पूरा करने के लिए खुर्दा रोड-बलांगीर रेल लाइन के लिए दोनों ओर से निर्माण कार्य किया जा रहा है। बिछुपल्ली से सोनपुर और महिपुर से नौगांव/दसापल्ला तक निर्माण कार्य जोरों पर है।

अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए हमें सभी एजेंसियों से सहयोग की जरूरत है। बलांगीर-नुआपाड़ा रेल लाइन की मांग को लेकर वैष्णव ने कहा कि इसकी उचित स्तर पर समीक्षा की जाएगी और इस पर व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। वैष्णव ने यह भी कहा कि, नरला में लोको ओवरहालिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। रेल मंत्री ने बलांगीर रेलवे स्टेशन पर ट्रैकमैन से भी बातचीत की और विषम परिस्थितियों में उनके कार्य करने को लेकर उनकी प्रशंसा की। उन्होंने महिला प्रतीक्षालय का भी निरीक्षण किया, स्टेशन मास्टर से बातचीत की, पीएफ3 के दूसरी ओर की जमीन की जानकारी ली और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।
यह भी पढ़ें: ओडिश सरकार की नई पहल, अंगदान करने वाले शख्स के परिजन को मिलेंगे 5 लाख रुपये
द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में शौचालयों का निरीक्षण और स्टेशन पर सफाई की समीक्षा करते हुए वैष्णव ने सफाई के लिए स्टेशन अधिकारियों की प्रशंसा की। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन पर टी स्टॉल व अन्य स्टॉल का भी निरीक्षण किया। वैष्णव ने बताया कि स्टेशन पर अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखना उनकी जिम्मेदारी है। रेल मंत्री ने बेंचों पर बैठे लोगों से भी बातचीत की और उनसे फीडबैक लिया। क्षेत्र का दौरा करने के बारे में बताते हुए वैष्णव ने कहा कि उन्होंने केबीके क्षेत्र का भ्रमण किया और समस्याओं और मुद्दों को देखा और क्षेत्र के विकास की दिशा में काम करने का वादा किया।












Click it and Unblock the Notifications