ओडिशा में कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी तेज, 3000 बेड का सेटअप तैयार कर रही है राज्य सरकार
भुवनेश्वर, अगस्त 13। कोरोना महामारी की तीसरी लहर को लेकर ओडिशा सरकार की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। तीसरी लहर में बच्चों पर मंडराते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार 3000 बेड की व्यवस्था करने में लगी है। ये जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर निरंजन मिश्रा ने दी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने ओडिशा में तीसरी लहर के दौरान 600 चाइल्ड मेडिकल बेड की जरूरत पड़ने का अनुमान जताया है, लेकिन राज्य सरकार 3000 बिस्तरों की व्यवस्था लेकर चल रही है और इस काम को बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
आपको बता दें कि ये 3000 बेड की व्यवस्था कोविड अस्पतालों, सरकारी मेडिकिल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा लगभग 250 बेड इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) या स्टेप डाउन यूनिट (एसडीयू) होंगे। निरंजन मिश्रा ने बताया अधिकांश बच्चे होम आइसोलेशन में रहेंगे और केवल गंभीर मामलों में ही बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।
आपको बता दें कि ओडिशा में कोरोना का कहर अभी भी जारी है। शुक्रवार को ओडिशा में कोरोना के 1193 नए संक्रमित मरीज मिले, जबकि 60 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। आपको बता दें कि ओडिशा उन राज्यों में शुमार है, जहां पर कोरोना के मामले अभी भी देखने को मिल रहे हैं। शुक्रवार को आए मामलों के बाद राज्य में नए मरीजों की संख्या 9 लाख 92 हजार 375 तक पहुंच गई है। इनमें से 9 लाख 74 हजार 756 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। राज्य में 10809 एक्टिव केस हैं।












Click it and Unblock the Notifications