पूरे देश में होगा 'मेक इन ओडिशा' अभियान का प्रचार, कई शहरों में रोड शो का प्लान
भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार अब देशभर में 'मेक इन ओडिशा' अभियान का प्रचार करेगी। इसके लिए कई बड़े शहरों में रोड शो और बैठक की एक श्रृंखला की योजना बनाई गई है। ओडिशा सरकार सोमवार को अहमदाबाद में रोड शो करेगी, जिसमें राज्य के उद्योग मंत्री प्रताप केशरी देब और उनके विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस शो में आसपास के शहरों के कपड़ा, रसायन, पेट्रोकेमिकल, प्लास्टिक, फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी, आभूषण और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों की 20 कंपनियों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।

राज्य के उद्योग सचिव हेमंत शर्मा ने कहा कि रोड शो के दौरान हम विभिन्न क्षेत्रों में निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में ओडिशा के लाभों का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा आकर्षक प्रोत्साहन प्रदान करने वाली निवेशक-अनुकूल नीतियों पर भी चर्चा की जाएगी। शर्मा ने आगे कहा कि चार महानगरों और बेंगलुरु-हैदराबाद जैसे अन्य शहरों में भी रोड शो की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही इनकी तारीखों और अन्य विवरण को अंतिम रूप दिया जाएगा।
राज्य सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल निवेशकों को लुभाने के लिए कुछ विदेशी शहरों का भी दौरा कर सकता है क्योंकि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक जून में दुबई में अपनी पहली विदेशी निवेश बैठक कर चुके हैं, जिससे उन्हें 21,000 करोड़ रुपये का घरेलू निवेश लाने में मदद मिली।












Click it and Unblock the Notifications