'उम्र तो बस एक संख्या है', अरबपति को सीएम नवीन ने दिया मजेदार जवाब
भुवनेश्वर: दुबई में बुधवार को सोभा ग्रुप ऑफ कंपनीज के संस्थापक और अध्यक्ष पीएनसी मेनन ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की। इस दौरान मेनन ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में आप मुझे बहुत दिलासा देते हैं। मैं यहां पिछले 46 वर्षों से हूं और आप जैसे लोगों की वजह से शीर्ष पर हूं। मेरी उम्र 74 साल की हो गई है और मैं बहुत छोटा नहीं हूं। इस वजह से मेरे पास कम वक्त बचा है। मेनन ने निवेश के इरादे से ये बातें कही थीं, जिस पर सीएम नवीन ने बड़ा दिलचस्प जवाब दिया।

मेनन से सीएम ने कहा कि मैं 75 साल का हूं। इस पर दोनों हंस पड़े। उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई व्यक्ति राज्य और देश के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित करना चहता है, तो उसके लिए उम्र महज एक नंबर है। इसके बाद सीएम ने उन्हें ओडिशा के लौह अयस्क, बॉक्साइट, क्रोमाइट जैसे खनिज भंडार के बारे में बताया। मेनन के शोभा समूह ने ओडिशा में 5000 करोड़ रुपये के निवेश की पेशकश की है।
वहीं उम्र के मुद्दे पर समाजशास्त्र के एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर अनूप दास ने कहा कि सीएम नवीन लगातार चुनाव जीत रहे हैं, अपनी लोकप्रियता को बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं और प्रशासन-पार्टी पर पूरी तरह से पकड़ बना चुके हैं। ऐसे में उनको उम्र को देखने से कुछ नहीं होगा, वो मजबूती के साथ राज्य का विकास कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications