ओडिशा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दो लौह अयस्क खानों का किया उद्घाटन, केंद्रीय मंत्री हुए शामिल
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ क्योंझर जिले के गुआली और जिलिंग में दो लौह अयस्क खानों का उद्घाटन किया। ये उद्घाटन कार्यक्रम वर्चुअल तरीके से आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बताया कि इन दोनों खानों का आवंटन ओडिशा खनन निगम को दिया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा के अंदर स्टील, एल्यूमीनियम और अन्य खनन उद्योगों में एक वैश्विक केंद्र के रूप में उभरने की क्षमता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें उम्मीद है कि ओडिशा खनन निगम खदानों के संचालन को फिर से शुरू करेगा और लौह अयस्क बाजार की मांगों को पूरा करेगा। इसके अलावा सप्लाई की जो स्थिति है, उसमें भी सकारात्मक बदलाव आएंगे। उन्होंने कहा कि दो नई खदानों से प्रतिवर्ष 12 मिलियन टन लौह अयस्कों का उत्पादन होगा और ओएमसी का वार्षिक उत्पादन 20 मिलियन टन प्रति वर्ष तक पहुंच जाएगा। जबकि 79.12 मीट्रिक टन के रिज़र्व के विरूद्ध जीलिंग खदानों से 6.28 मिलियन टन लौह अयस्क के उत्पादन के लिए पर्यावरणीय मंजूरी प्राप्त की गई है, जबकि 5.7 मिलियन टन लौह अयस्क का उत्पादन गुआली से किया जाएगा।
नवीन पटनायक ने कहा कि ओडिशा ने हमेशा खनन सेक्टर में सुधारों के लिए पहले की है। नवीन पटनायक ने आगे कहा कि ओडिशा में खनन सेक्टर में संभावनाएं तलाशने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना होगा। इस दौरान नवीन पटनायक ने प्रहलाद जोशी का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद किया।












Click it and Unblock the Notifications