'पता नहीं कौनसा डर है जिसके कारण नहीं आ रही सूची', शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर कुछ यूं कसा तंज
Shivraj Singh Chouhan: उत्तराखंड में साधु संतों का आशीर्वाद लेने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल पहुंचे और चुनावी अभियान में जुट गए। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार 11 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के लिए उत्तर विधानसभा में रोड शो किया और उनके समर्थन में वोट भी मांगे।
इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए तीखा तंज कसा। मीडिया से बात करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'हमारा तो प्रचार शुरू हो गया लेकिन उनकी (कांग्रेस) सूची का ही इंतजार है। पता नहीं वे कौनसा मुहूर्त देख रहे हैं... हर मिनट, हर क्षण, हर दिन शुभ होता है। पता नहीं यह कौनसा डर है जिसके कारण सूची नहीं आ रही।'

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने टीला जमालपुरा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा,
भारत को घोटालों का देश बनाने का पाप कांग्रेस ने किया था। इन्होंने कितने घोटाले किए, कोयला घोटाला, 2G घोटाला, 3G घोटाला, 4G घोटाला और जीजा जी घोटाला। जिन्होंने घोटालों पर घोटाले किए वे आज हमसे आंख मिलाकर बात कर रहे हैं।
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस मुझे रोज गालियां देती रहती है। कल कुछ लोगों ने ट्वीट किया, 'मामा तेरा श्राद्ध हो गया'...कांग्रेस मेरा विनाश चाहती है लेकिन मैं शिवराज हूं, जनता का सेवक, अगर मर भी गया तो अपने लोगों की सेवा करने के लिए फीनिक्स की तरह पुनर्जन्म लूंगा।
बता दें कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने रोड शो का वीडियो एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'जनता को भरोसा है...जिन्होंने मध्यप्रदेश संवारा है,वही संवारेंगे दोबारा। जनता कर रही विजय तिलक, फिर आ रही है भाजपा।' इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश के विकास को निरंतर नई गति दी है।
विकास की इस रफ्तार को दोगुनी करने के लिए हम फिर मैदान में हैं। मुझे विश्वास है कि आप सभी का आशीर्वाद मिलेगा। आज भोपाल की उत्तर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में जनसंपर्क एवं आम सभा कर भाजपा को विजयी बनाने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने मंच से बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर भाजपा फिर एक बार सरकार बनाने जा रही है। जनता ने तय कर किया है कि भाजपा के विकास और जनकल्याण को चुनेंगे। हार सामने देखकर कांग्रेस बौखलाई हुई है। स्पष्ट है कि हम जीतेंगे, भारी बहुमत से जीतेंगे और जीत का नया इतिहास रचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications