भोपाल में खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत के लिए चलेगा सात दिवसीय विशेष अभियान, CM ने दिए निर्देश
25 जुलाई से भोपाल की खराब सड़कों की मरम्मत के लिए सात दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। बता दे राजधानी की कई सड़कें बारिश के मौसम में चलने लायक भी नहीं रही। जिन पर गाड़ी चलाना बहुत ही मुश्किल हो रहा है।
भोपाल,24 जुलाई। राजधानी में खस्ताहाल सड़कों की हालत बारिश के मौसम में और ज्यादा खराब हो गई है। सीएम हाउस से मात्र 1 किलोमीटर की दूरी पर ही सड़क पर जलभराव हो रहा है। पॉलिटेक्निक की ओर जाने वाली इस सड़क पर तेज बारिश होने पर तो, निकलना मुश्किल हो जाता है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की थी। जिसके बाद अधिकारियों की बैठक हुई और आज फैसला लिया गया कि भोपाल क्षेत्र की बारिश के मौसम में क्षतिग्रस्त सड़कों के संधारण के लिए लोक निर्माण विभाग 25 जुलाई से सात दिवसीय विशेष अभियान चलाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक सड़क के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नोडल अधिकारियों द्वारा 23 जुलाई से राजधानी का भ्रमण कर क्षतिग्रस्त और जल भराव क्षेत्र वाली सड़कों का सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री नीरज मंडलोई ने बताया कि विशेष अभियान में राजधानी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग संभाग तथा राजधानी परियोजना से स्थानान्तरित सभी मार्गों का संधारण किया जायेगा। इस परिप्रेक्ष्य में 25 जुलाई को अपरान्ह 4 बजे से निर्माण भवन में नोडल अधिकारियों की विशेष बैठक भी होगी।
मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री ने दिए थे निर्देश
राजधानी भोपाल की वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त सड़कों के संधारण के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) द्वारा निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव द्वारा विभागीय अधिकारियों को भी राजधानी की सड़कों के संधारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications