Sehore News : अपने पैतृक गांव जैत में आयोजित 'नर्मदा जयंती महोत्सव 2023 में शामिल हुए सीएम शिवराज
सीहोर जिले में आयोजित 'नर्मदा जयंती महोत्सव 2023 में सीएम शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह साथ शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने कहा कि मेरा प्रयास है कि मेरी बहनों की आमदनी कम से कम दस हजार रुपये प्रतिमाह हो जाए।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अपने पैतृक गांव जैत में आयोजित 'नर्मदा जयंती महोत्सव 2023' एवं 'जैत गौरव दिवस समारोह' में शामिल हुए। इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि मैंने जो भी सीखा जैत की माटी से सीखा और यहां के बुजुर्गों के आशीर्वाद से सीखा। आज जो भी हूं नर्मदा मैया और जैत की माटी की वजह से हूं। जैत मेरे रोम-रोम में रमा है और हर सांस में बसा है। गौरव दिवस पर खेल का आयोजन बहुत जरूरी है। जिंदगी में उत्साह और आनंद होना चाहिये। विकास के भी काम हम करें, मिलकर करें। जैत का सम्मान, इस माटी की शान और आपकी आन पूरी दुनिया में बढ़ाने की मैंने कोशिश की है।
सीएम शिवराज ने कहा कि अपनी बहन और बेटियों के कल्याण के लिए मैंने लाड़ली लक्ष्मी योजना, संबल योजना बनाई। बहन-बेटियों की जिंदगी भी आनंद और प्रसन्नता से भरी होनी चाहिये। गांव को नशामुक्त होना चाहिये। नशा, नाश की जड़ है। पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रयास कीजिए। गांव में जन्मदिन पर पौधे लगाइये। मुझे प्रतिदिन पेड़ लगाते हुए आज दो वर्ष पूर्ण हो गए हैं। जब कोविड हुआ था तब भी मैंने पेड़ लगाया। जैत में भी जमीन तय करके पेड़ लगाए जाएं। प्रदेश भर में 67 लाख लोगों ने जन्मदिन पर पेड़ लगा दिए। हमारी जैत की स्वसहायता समूह की बहनें गाड़ी और हार्वेस्टर की भी मालिक बन गई हैं।
वहीं महिलाओं की आमदानी को लेकर सीएम शिवराज ने कहा कि मेरा प्रयास है कि मेरी बहनों की आमदनी कम से कम दस हजार रुपये प्रतिमाह हो जाए। ग्राम जैत के गौरव दिवस पर आज मेरे साथ संकल्प लीजिए कि अपना गांव नशामुक्त बनायेंगे, जन्मदिन पर पौधे लगाएंगे, बेटियों का सम्मान करेंगे, गांव को सबसे साफ रखेंगे और जितना संभव हो, बिजली और पानी बचाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications