विभाजन विदिषिका दिवस पर भगवा ध्वज यात्रा, पाकिस्तान का पुतला दहन, दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस पर किया हमला
विभाजन विदिषिका दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजधानी भोपाल का माहौल पूरी तरह भगवामय हो गया। छोला दशहरा मैदान से छोला गणेश मंदिर तक जागरुक हिंदू मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजा भैया सेन के नेतृत्व में भव्य भगवा ध्वज यात्रा निकाली गई।
भगवा पताकाओं से सजी इस यात्रा ने हिंदुत्व, एकता और बलिदान का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पाकिस्तान का पुतला दहन किया गया और विभाजन में शहीद हुए लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "पाकिस्तान मुर्दाबाद" जैसे नारों के बीच युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी ने इस आयोजन को खास बना दिया।
कांग्रेस पर तीखा हमला
इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा- "कांग्रेस का असली चेहरा अब जनता के सामने है। इस पार्टी का मूल चरित्र एक विशेष वर्ग की तुष्टिकरण राजनीति करना है। भारत के विभाजन का सबसे बड़ा अपराध कांग्रेस ने किया, जिसके कारण देश को लाखों लोगों की जान गंवानी पड़ी। आज भी कांग्रेस उसी जहरीली राजनीति को जिंदा रखे हुए है।"
'हिंदू आतंकवाद' शब्द कांग्रेस की देन - केसवानी
डॉ केसवानी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को 'हिंदू आतंकवाद' और 'भगवान आतंकवाद' जैसे शर्मनाक शब्द दिए।"यह वही पार्टी है, जिसके नेता भगवान और हिंदुत्व को आतंकवाद से जोड़ते हैं। दिग्विजय सिंह जैसे नेता जाकिर नाइक जैसे कट्टरपंथी को 'शांति का दूत' बताते हैं, जबकि दुनिया जानती है कि वह आतंकी विचारधारा फैलाने वाला व्यक्ति है।"
हिंदुत्व को बदनाम करने की साजिश का जवाब देंगे
डॉ केसवानी ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा-"हम कांग्रेस की इस मानसिकता को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। हिंदुत्व को बदनाम करने की हर साजिश का जवाब सड़कों से लेकर संसद तक दिया जाएगा। यह देश भगवान राम, भगवान कृष्ण और वीर सावरकर के आदर्शों पर चलेगा, न कि कांग्रेस के तुष्टिकरण और वोट बैंक की गंदी राजनीति पर।"

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल
भगवा ध्वज यात्रा में अधिवक्ता सुनील जैन, अनिल मोटवानी, योगेश मालानी, अशोक यादव, जीतेंद्र शिवहरे, मनोज अहिरवार, पंडित राजीव द्विवेदी, हिम्मत सिंह मेहर, गोलू गोस्वामी, विवेक पांडे, रोहित कुशवाहा, दीपक राणा, दीपक सोना, ट्विंकल, ओम प्रकाश साहू, सनी सोनी, देव श्रीवास्तव और पुष्पेंद्र कुमार सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान शहर की सड़कों पर भगवा पताकाएं लहराती रहीं और माहौल देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।












Click it and Unblock the Notifications