Indian Railway: 13607 करोड़ के बजट में संवरेगा प्रदेश, सतना-मैहर समेत 80 स्टेशन बनेंगे वर्ल्ड क्लास
वर्ष 2014 से 971 रेल फ्लाई ओवर और अंडर ब्रिज का निर्माण करवाया गया। 100 करोड़ की लागत से भोपाल में रानी कमलापति स्टेशन का विकास किया जा चुका है।

केंद्र सरकार मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात दी है। रेल बजट 2023-24 में राज्य को 13 हजार 607 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है। सतना- मैहर और शहडोल समेत 80 स्टेशनों पर वर्ल्ड क्लास सुविधाएं होंगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 के औसत आवंटन 632 करोड़ रुपये से वर्ष 2023-24 के लिये आवंटन 13607 करोड़ रुपये है, जो 21.5 गुना अधिक है।
यह बजट आवंटन प्रदेश में विभिन्न रेल परियोजनाओं और ढांचागत कार्यों के साथ-साथ रेलवे के आधुनिकीकरण में तेजी लाएगा। प्रदेश में वर्तमान में 86 हजार 336 करोड़ रुपये लागत की 40 रेल परियोजनाओं में 6,759 किलोमीटर के कार्य चल रहे हैं।
प्रदेश के 80 रेलवे स्टेशन बनेंगे वर्ल्ड क्लास
अमृत भारत स्टेशन स्कीम में मध्यप्रदेश के 80 रेलवे स्टेशन वर्ल्ड क्लास स्तर के बनेंगे। इनमें देवास, गाडरवाड़ा, गंजबासौदा, घोड़ाडोंगरी, गुना, ग्वालियर, हरदा, हरपालपुर, होशंगाबाद, इंदौर, इटारसी जंक्शन, जबलपुर, जुन्नारदेव,
कटनी जंक्शन, कटनी मुड़वारा, कटनी साउथ, खाचरौद, खजुराहो, खण्डवा, खिरकिया, लक्ष्मीबाई नगर, मैहर, मक्सी, मण्डला फोर्ट, मंदसौर, एमसीएस छतरपुर, मेघनगर, मुरैना, मुलताई, नागदा, नैनपुर, नरसिंहपुर, नीमच, नेपानगर, ओरछा, पाण्ढुर्णा, पिपरिया, रतलाम, रीवा, रुठियाई, साँची, संत हिरदाराम नगर, सतना, सागर, सीहोर, सिवनी, शहडोल, शाजापुर, शामगढ़, श्योपुरकलां, शिवपुरी, श्रीधाम, शुजालपुर, अकोदिया, आमला, अनूपपुर, अशोकनगर, बालाघाट, बानापुरा, बरगवाँ, ब्यौहारी, बेरछा, बैतूल, भिण्ड, भोपाल, बिजुरी, बीना, ब्यावरा-राजगढ़, छिंदवाड़ा, डबरा, दमोह, दतिया, करेली, सीहोरा रोड, सिंगरौली, टीकमगढ़, उज्जैन, उमरिया, विदिशा और विक्रमगढ़ आलोट शामिल हैं।
7 रेलवे स्टेशन की फिजिबिल्टिी स्टडी शुरू
खजुराहो, बीना, जबलपुर,भोपाल, सिंगरौली, सतना और उज्जैन रेलवे स्टेशन का टेक्नो इकानॉमिक्स फिजिबिल्टिी अध्ययन शुरू कर दिया गया है। वर्ष 2014 से 971 रेल फ्लाई ओवर और अंडर ब्रिज का निर्माण करवाया गया। वन स्टेशन-वन प्रोडक्ट के स्टॉल 47 रेलवे स्टेशन में खोलने की योजना है। उल्लेखनीय है कि 100 करोड़ की लागत से भोपाल में रानी कमलापति स्टेशन का विकास किया जा चुका है। साथ ही ग्वालियर रेलवे स्टेशन के लिये 535 करोड़ रूपये का टेण्डर पारित हो चुका है। खंडवा के लिये 300 करोड़ और इंदौर रेलवे स्टेशन के लिये 340 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का टेण्डर
प्रक्रियाधीन है।












Click it and Unblock the Notifications