MP News: इंदौर त्रासदी के बाद कांग्रेस का बड़ा कदम, भोपाल से शुरू हुआ ‘वॉटर ऑडिट’, जीतू पटवारी का बड़ा ऐलान
MP News Indore: इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से 23 नागरिकों की दर्दनाक मौत के बाद प्रदेश की राजनीति में उबाल है। इस हृदयविदारक घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मध्य प्रदेश के हर वार्ड में "वॉटर ऑडिट" कराने का ऐलान किया है, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक की जान गंदे पानी के कारण न जाए।
इसी अभियान की शुरुआत राजधानी भोपाल से की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के वार्ड क्रमांक 25 (बाणगंगा क्षेत्र) का स्वयं स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो दृश्य सामने आए, वे चौंकाने वाले और भयावह थे।

नलों से निकला कीड़े-युक्त पानी, सीवर लाइन के समानांतर बिछी पाइपलाइन
निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर सीवर लाइन के बिल्कुल समानांतर पेयजल पाइपलाइन डाली गई है, जिससे सीवेज का गंदा पानी पीने के पानी में मिल रहा है। स्थानीय रहवासियों ने नेताओं को नलों से निकलने वाला दूषित, बदबूदार और कीड़े-युक्त पानी दिखाया।
इस दौरान भोपाल शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबीस्ता ज़की भी मौके पर मौजूद रहीं। लोगों ने बताया कि कई बार शिकायतों के बावजूद नगर निगम ने स्थायी समाधान नहीं किया।
नरेला विधानसभा में भी हालात गंभीर, कई वार्डों में दूषित पानी
इसके बाद कांग्रेस नेताओं का दल नरेला विधानसभा पहुंचा, जहां वार्ड क्रमांक 75, 76, 77, 78 और 79, नवाब कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। यहां भी हालात कम गंभीर नहीं पाए गए। नरेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज शुक्ला की मौजूदगी में लोगों ने बताया कि महीनों से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में बीमारियां बढ़ रही हैं।
जीतू पटवारी का बड़ा हमला: यह सीधी जनस्वास्थ्य से खिलवाड़
निरीक्षण के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखा बयान देते हुए कहा- "नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लेकिन भोपाल नगर निगम और प्रदेश की भाजपा सरकार इस गंभीर जनस्वास्थ्य संकट पर आंख मूंदे बैठी है। इंदौर में 23 मौतें चेतावनी हैं, फिर भी सरकार नहीं जाग रही।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस केवल बयानबाजी नहीं करेगी, बल्कि हर वार्ड में वॉटर ऑडिट कराकर दोषियों को बेनकाब करेगी।
'शुद्ध पानी नहीं मिला तो आंदोलन तय'
जीतू पटवारी ने कहा कि जब तक भोपाल सहित पूरे प्रदेश के नागरिकों को शुद्ध पेयजल नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। "अगर ज़रूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी। यह राजनीति नहीं, जनता की जान का सवाल है।"
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और स्थानीय रहवासी रहे मौजूद
इस मौके पर ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, गोविंदपुरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रविंद्र साहू, हुजूर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी, प्रदेश सचिव राजकुमार सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक मारण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इंदौर हादसा बना चेतावनी, भोपाल बना शुरुआत का केंद्र
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इंदौर की त्रासदी ने साफ कर दिया है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो हालात और भयावह हो सकते हैं। भोपाल से शुरू हुआ यह अभियान जल्द ही पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications