MP: नवनिर्वाचित महिला जनपद सदस्य ने डर से घर छोड़ा; इस बीजेपी मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
सतना, 21 जुलाई। जिला और जनपद पंचायतों के परिणाम आने के बाद अब जोड़तोड़ का खेल शुरु हो चुका है। जिला और जनपद में अपने अपने अध्यक्ष बनाने को लेकर दबाव की राजनीति भी की जा रही है। एक ऐसा ही मामला सतना जिले की रामनगर जनपद पंचायत से सामने आया हैं, वहां की नवनिर्वाचित आदिवासी सदस्य ने वीडियो वायरल कर राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल पर दबाव बनाने और पुलिस से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। धमकियों और पुलिस प्रताड़ना के डर से महिला सदस्य ने अपना घर गांव भी छोड़ दिया है।
Recommended Video

पूरा मामला
सतना जिले के रामनगर जनपद पंचायत की नवनिर्वाचित आदिवासी महिला सदस्य बीजेपी पदाधिकारियों एवं पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर गांव छोड़कर चली गई हैं। जनपद सदस्य रेखा कोल ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करते हुए राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल पर बीजेपी के पक्ष में वोट करने परिवार पर दबाव बनाने एवं न मानने पर पुलिस से प्रताड़ित कराने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में रेखा कह रही हैं कि रामनगर जनपद में बीजेपी अध्यक्ष को वोट देने बीजेपी के पदाधिकारियों ने सबसे पहले उसे 5 लाख रुपए और प्रधानमंत्री आवास देने का लालच दिया। जब उसने पैसा लेने से मना कर दिया तो मंत्री के इशारे पर बीजेपी कार्यकर्ता उसे परेशान करने लगे। इससे तंग आकर वह पति के साथ मायके चली गई। उसके गांव छोड़ने पर राज्य मंत्री के इशारे पर रामनगर पुलिस ने जनपद सदस्य के ससुर रामनाथ को थाने में बैठा लिया। उस पर बहू को वापस बुलाने और बीजेपी अध्यक्ष प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही रामनाथ को यह भी धमकी दी जा रही है कि यदि उसकी बहू ने बीजेपी को वोट नहीं दिया तो उसे झूठे केस में फंसा कर जेल भेज दिया जाएगा।
परिवार के साथ कुछ भी हो सकता है
वीडियो वायरल करते हुए रेखा कोल ने प्रशासन से उसके परिवार की रक्षा करने की गुहार लगाई है। रेखा का कहना है कि अभी उसका परिवार सुरक्षित है, लेकिन जिस प्रकार मंत्री के इशारे पर पुलिस एवं बीजेपी पदाधिकारी उसके परिवार को धमका रहे हैं इससे आने वाले समय में उसके ओर परिवार के सदस्यों के साथ कोई भी घटना हो सकती है। यदि उसको किसी भी प्रकार से जानमाल का नुकसान हुआ तो इसके लिए राज्यमंत्री एवं बीजेपी पदाधिकारी- कार्यकर्ता जिमेदार होंगे।












Click it and Unblock the Notifications