MP Assembly Election 2023: चुनाव से पहले बीजेपी के वरिष्ठ नेता जिलों का करेंगे दौरा, देंगे ग्राउंड रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में चुनावी साल में प्रदेश भाजपा संगठन वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी मिटाने पर जोर दे रहा है। ऐसे नेताओं को पार्टी जिम्मेदारी देकर जिलों का दौरा कराकर ग्राउंड रिपोर्ट लेगी।

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी विशेष रणनीति तैयार करने में जुटी हुई है। इस नीति के तहत ग्रुप स्तर के कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने और उन्हें पार्टी की जिम्मेदारियों से अवगत कराने के लिए प्रदेश भाजपा एक नया प्रयोग करने जा रही है। पार्टी संगठन ने तय किया कि प्रदेश के ऐसे वरिष्ठ नेता जिन्होंने संगठन में अहम भूमिका निभाई हो, लेकिन वर्तमान में उनके पास कोई दायित्व ना होने के चलते उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली है, ऐसे वरिष्ठ नेताओं को चुनकर जिलों में उनसे प्रवास कराया जाएगा। उनका यह दौरा 2 से 3 दिन का एक जिले में रहेगा। इस दौरान वे पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं से लेकर जिला स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस व्यवस्था के जरिए संगठन यहां एक और वरिष्ठ नेताओं को पार्टी के कामकाज से सीधे जोड़कर उनकी उपेक्षा की नाराजगी के आरोप को दूर करेगी। वहीं इनके माध्यम से मिलने वाली मैदानी रिपोर्ट के आधार पर संगठनात्मक निर्णय भी लिए जा सकेंगे।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के ये दौरे का 31 मार्च के बाद शुरू होने वाले हैं। तब तक बीजेपी का बूथ विस्तारक अभियान 2.0 भी खत्म हो जाएगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिन नेताओं को सभी 57 संगठनात्मक जिलों में भेजा जाने वाला है। उसमें प्रदेश में वरिष्ठ पदों की जिम्मेदारी निभा चुके नेताओं के साथ राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी रह चुके नेताओं को भी खासी तवज्जो दी जा रही है। संगठन ने जिलों में भेजने के पहले प्रदेश कार्यालय में इनके साथ संवाद कर उनके सुझाव और केंद्रीय नेतृत्व की मंशा के अनुरूप प्रवास के दौरान किए जाने वाले कामों की जानकारी भी देगा।
जिलों में प्रवास के दौरान यह नेता बूथ अध्यक्षों, मंडल और विधानसभा विस्तारकों के अलावा जिला पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। पार्टी का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं के दौरे से संगठन को जिले और उसके अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों की एक्चुअल रिपोर्ट मिल जाएगी। क्योंकि यह नेता जिला स्तर पर उपस्थित होने वाले वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में भी रहेंगे और उनके जरिए संगठनात्मक गतिविधियों की ताजा जानकारी हासिल की जा सकेगी।
नड्डा का संदेश भी देंगे प्रवास के दौरान
जिलों में प्रवास के दौरान यह वरिष्ठ नेता वहां के बूथ से लेकर जिला स्तर के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का संदेश देंगे कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बताने के साथ स्थानीय लोगों से मिलना है और लोगों के मन में यह भाव जगाना है कि बीजेपी ही उनके हितों का ध्यान रखने वाली पार्टी है बीजेपी जल्द ही प्रदेश के अनुसूचित जाति बाहुल्य बस्तियों में स्नेह यात्रा निकालने वाली है। स्नेह यात्रा के दौरान पार्टी के नेता बस्तियों में जाकर सेवा कार्य करने के साथ वहां के युवाओं को पार्टी के कार्यक्रमों से जोड़ने का काम करेंगे। जिलों में जाने वाले वरिष्ठ नेता प्रवास के दौरान इस को लेकर की गई मंडल और जिला स्तर की तैयारियों की जानकारी भी लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications