किसान मोर्चा 11 लाख नए सदस्य जोड़ने के लिए योजना बनाकर काम करे: नरेंद्र सिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि किसान मोर्चा भाजपा का मजबूत स्तंभ है। किसान मोर्चा की व्यापकता अन्य मोर्चों से ज्यादा है। मोर्चा प्रदेश में सफलता के साथ काम कर रहा है। देश में जनसंख्या की दृष्टि से सबसे अधिक आबादी किसानों की ही है।
केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर ने गुरुवार को किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पार्टी ने 11 लाख सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया है, उसे हासिल करने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करना है।

किसानों की हर तरह से सहायता करना पार्टी का उद्देश्य
तोमर ने कहा कि किसान मोर्चा कार्यकर्ता सदस्यता अभियान को सक्रियता के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण करें। किसानों को हर तरह से मदद करना ही पार्टी की विचारधारा है और पार्टी की केंद्र व राज्य सरकारें यह काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 2014 तक देश का कृषि बजट 23 हजार करोड़ हुआ करता था, जो आज बढकर 1 लाख 25 हजार करोड़ रूपए हो गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक किसानों को 2 लाख 61 हजार करोड रुपए दिए गए हैं।
तोमर ने कहा कि फसल बीमा योजना में 29 हजार करोड़ की प्रीमियम जमा की गयी, जिसे सरकार ने 1 लाख 41 हजार करोड़ रुपए किसानों को मुआवजा के रूप में दिया है। श्री तोमर ने कहा कि प्रदेश में किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जाता है। पहले प्रदेश में सिंचाई का रकबा 6 लाख हेक्टेयर हुआ करता था, जो आज बढ़कर 46 लाख हेक्टेयर हो गया है और इसे 65 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाना है। पहले गांवों में बिजली की उपलब्धता बहुत बड़ी समस्या थी परंतु जब से भाजपा सरकार आयी है गांवों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है। श्री तोमर ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक लेकर जाएं और उन्हें सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं।
राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची प्रदेश किसान मोर्चा की गौरवगाथाः रजनीश अग्रवाल
पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं सदस्यता अभियान प्रभारी रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के किसान मोर्चा की गौरव गाथा प्रदेश ही नहीं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है। मोर्चा कार्यकर्ता सदस्यता के लिए 7000230230 नंबर पर कॉल करवाकर पार्टी का सदस्य बनाएं। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ स्तर पर सुना जाना आवश्यक है। सोशल मीडिया प्रभारी सक्रियता के साथ सदस्यता अभियान की जानकारी साझा करें।
केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएंः दर्शनसिंह चौधरी
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि किसान मोर्चा द्वारा आयोजित नमो शिव किसान चौपालों में मोबाइल से मिस्ड कॉल दिलवाकर नए लोगों को पार्टी से जोड़ना है। इसके पश्चात केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों से घर-घर पहुंचकर आमजन को अवगत कराना है और पार्टी के सदस्य बनाकर पार्टी का विस्तार करना है।दर्शनसिंह चौधरी ने सदस्यता अभियान के लिए मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्री पदम सिंह को सदस्यता प्रभारी नियुक्त किया है। बैठक में मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री की उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications