'Sonam के लिए कानून खिलवाड़, अब मुझे-मेरे परिवार को मरवा देगी', Oneindia से बातचीत में Raja Raghuvanshi के भाई

Meghalaya Honeymoon Murder Case Oneindia Exclusive Interview: मई 2025 में इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी सोनम से हुई। हनीमून पर शिलांग-चेरापुंजी गए जोड़े का सफर महज कुछ दिनों में खून से रंग गया। राजा की लाश खाई में मिली। पुलिस ने सोनम पर आरोप लगाया कि उसने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा और अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। सोनम और राज समेत पांच मुख्य आरोपी गिरफ्तार हुए।

अब अप्रैल 2026 के अंत में शिलांग कोर्ट ने सोनम को जमानत दे दी। वजह? शिलांग पुलिस की बड़ी चूक। गिरफ्तारी के समय सोनम को सही धाराएं और गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए गए। कोर्ट ने इसे संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन माना। पीडित परिवार (Victim Family) का आरोप है कि यह 'क्लेरिकल एरर' नहीं, बल्कि सोनम के परिवार की पावर और पैसे का खेल है। राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने OneIndia के सिद्धार्थ पुरोहित से Exclusive बातचीत में परिवार का दर्द, पुलिस पर आरोप, सोनम परिवार के साथ धोखा और आगे की लड़ाई खुलकर बताया। आइए इंटरव्यू के सवाल-जवाब में समझें राजा के परिवार का दर्द...

meghalaya-honeymoon-murder

सवाल-1: विपिन जी, जब आपको पता चला कि सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है, तो आपके और पूरे परिवार का रिएक्शन क्या था

विपिन रघुवंशी: सोमवार को जमानत हुई और मंगलवार को मुझे अचानक पता चला। मैंने खुद शिलांग पुलिस को फोन किया था कि सोनम के केस में क्या अपडेट है। उन्होंने बताया, 'कल ही जमानत हो गई।' न पुलिस ने हमें सूचित किया, न हमारा प्राइवेट वकील, न सरकारी वकील। सबने जानकारी छुपाई। जब मैंने वजह पूछी तो वकील ने कहा कि पुलिस की चूक के कारण सोनम को जमानत मिल गई। हमारी तो दुनिया ही हिल गई।

सवाल-2: केस की सुनवाई चल रही थी, तब आपके परिवार का कोई सदस्य कोर्ट में मौजूद नहीं था? जानकारी क्यों नहीं मिली?

विपिन रघुवंशी: बिल्कुल नहीं। शिलांग पुलिस या कोर्ट की तरफ से एक भी सूचना नहीं आई। हम इंदौर में बैठे थे। फोन करके पूछने पर ही पता चला। जमानत के दिन भी किसी ने नहीं बताया। बाद में जब पूछा तो हां-हूं में जवाब मिला। यह साफ धोखा था।

सवाल-3: अब खबरें आ रही हैं कि सोनम के कथित बॉयफ्रेंड राज कुशवाहा को भी जमानत मिल सकती है। अगर ऐसा हुआ तो आपका अगला कदम क्या होगा?

विपिन रघुवंशी: हम हाईकोर्ट जाएंगे। सोनम की जमानत खारिज कराने की अपील दायर करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। एक-एक करके आरोपी छूटते जा रहे हैं। हम क्या कर सकते हैं? राजा की तस्वीर देखकर हम कहते हैं कि भाई, तेरे कातिल अभी जिंदा घूम रहे हैं और हम शर्मिंदा हैं।

सवाल-4: शादी के समय आपको सोनम के पुराने प्रेम प्रसंग की कोई भनक नहीं लगी? पूरा परिवार मिलकर धोखा दे रहा था?

विपिन रघुवंशी: हां, हमें बिल्कुल नहीं पता था, उसके अफेयर के बारे में। सोनम के माता-पिता कहते थे, 'सोनम बहुत सीधी लड़की है, जो आप कहेंगे वही करेगी।' मर्डर के बाद वही माता-पिता मीडिया में कहने लगे, 'हमारी लड़की मन की करती है, जो ठान लेती है करके दिखाती है।' शुरू से झूठ बोला गया। सोनम का पूरा परिवार मिला हुआ है। उसकी मां तो मर्डर प्लानिंग में शामिल थी।

सवाल-5: आप इंदौर में रहते हैं, सोनम का परिवार भी वहीं है। अब जमानत के बाद कोई धमकी या समझौते का दबाव महसूस हो रहा है? परिवार को खतरा है?

विपिन रघुवंशी: अभी तक सीधी धमकी नहीं आई, लेकिन डर तो लगा हुआ है। सोनम छूट गई है। एक-एक करके आरोपी बाहर आ रहे हैं। 11 महीने में बाहर आने के बाद इनके मन में कानून का डर खत्म हो गया। पैसे की पावर दिखा दी। अब ये लोग हमें या हमारे परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मुझे या मेरे परिवार को मरवा सकते हैं। इनके पास पावर है, बैकअप है। पुलिस इतनी बड़ी चूक कैसे कर सकती है? इतना हाई-प्रोफाइल केस होने के बाद भी मर्डर चार्जेस सही से नहीं लगाए गए। शिलांग पुलिस ने पूरा शिलांग और सरकार को बदनाम कर दिया।

सवाल-6: चार्जशीट या FIR आपको दिखाई गई? धाराएं क्या लगी थीं, इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई?

विपिन रघुवंशी: चार्जशीट आज तक मुझे नहीं दी गई। मैंने कोर्ट में मांगी थी। चालान डायरेक्ट मेरा वकील मांग रहा था, लेकिन नहीं मिला। गोविंद सिंह (सोनम का भाई) को मिल जाता है, मुझे नहीं। राजा के लिए भी हमेशा धोखा ही हो रहा है। शादी के सारे वीडियो और फोटो गोविंद ने गायब करवा दिए। हमने अपनी तरफ से फोटोग्राफर रखा था, लेकिन वो भी गोविंद के घर के पास का था और उसने सब सामग्री गोविंद को सौंप दी। अब वो देने से मना कर रहा है क्योंकि डर रहा है।

सवाल-7: राजा की मां के लिए यह 11 महीने कितने मुश्किल रहे होंगे? उनका दर्द क्या था?

विपिन रघुवंशी: एक मां का दर्द सिर्फ मां ही समझ सकती है। 30 साल बेटे को पाला, पढ़ाया, शादी कराई। शादी के कुछ दिन बाद बेटा हमेशा के लिए चला गया।

सवाल-8: शिलांग में आप सोनम या राज से आमने-सामने मिले थे? अगर अब मिलने का मौका मिले तो क्या पूछेंगे?

विपिन रघुवंशी: आज तक कभी नहीं मिला। न सोनम से, न राज से, न आकाश-आनंद से। कोर्ट में सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंस पर देखा। वे हंस रहे थे, चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। अगर आमने-सामने मिलूं तो सिर्फ एक सवाल पूछूंगा कि मारने से तुम्हें क्या मिला? राजा की गलती क्या थी?

सवाल-9: सोनम के परिवार की तरफ से समझौते की कोई कोशिश हुई?

विपिन रघुवंशी: नहीं। शुरू में वे कहते थे, 'हमारी लड़की ने गलत किया, उसे सजा मिलनी चाहिए। हम उसे छुड़वाएंगे नहीं।' आज वही माता-पिता सोनम को छुपाकर रखे हुए हैं। ढोंग रंग दिखा दिए।

सवाल-10: रिश्ता कैसे पक्का हुआ था? शादी में राजा कितना एक्साइटेड था?

विपिन रघुवंशी: रघुवंशी समाज का एक ऐप था। उसी के जरिए राजा ने सोनम को पसंद किया। सोनम के माता-पिता घर आए, घर-बार देखा। सब ठीक लगा। राजा बहुत खुश था। कहता थाकि बेटी किसी की भी हो, उसकी खुशी-दुख में साथी बनना है। सोनम घर में कुछ दिन रही। हनीमून से पहले उसका व्यवहार सामान्य था। कोई शक नहीं हुआ।

सवाल-11: मुस्कान-साहिल केस में प्रेग्नेंट होने के बावजूद जमानत नहीं मिली, लेकिन यहां सोनम को मिल गई। न्याय व्यवस्था पर क्या कहना है?

विपिन रघुवंशी: मुस्कान के पास पैसे-पावर नहीं था। सोनम के माता-पिता के पास दोनों हैं। उन्होंने गलत तरीके से इस्तेमाल किया। पूरी देश को शर्मिंदा कर दिया।

सवाल-12: आगे क्या प्लान है? CBI जांच की मांग करेंगे?

विपिन रघुवंशी: हाईकोर्ट में अपील के साथ CBI जांच की मांग करेंगे। पुलिस की गलती सुधारने के लिए CBI जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आए और सोनम को सजा मिले।

सवाल-13: अगर सजा देने का अधिकार आपके हाथ में होता तो सोनम और राज को क्या सजा देते?

विपिन रघुवंशी: सोनम ने राजा को जितना तड़पाया, वैसी ही मौत उसे मिलनी चाहिए थी। फांसी से भी ज्यादा। मारने से उसे क्या मिला? आज उसे डर ही नहीं रहा।

सवाल-14: देश की जनता से क्या अपील करना चाहते हैं?

विपिन रघुवंशी: सोनम को कानून ने छोड़ दिया, लेकिन सच्चाई अभी बाकी है। अगर आप राजा को न्याय दिलाना चाहते हैं तो सोनम से कोई संबंध न रखें। जहां मिले, वहां उसे सजा दिलाने में मदद करें। हम लड़ते रहेंगे।

Shillong Honeymoon Murder Mystery:: शादी के 12 दिन बाद पति की हत्या

meghalaya-honeymoon-murder

मई 2025 में एक नई-नई शादी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने सभी को चौंका दिया। 11 मई को राजा रघुवंशी की शादी सोनम से हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद, 21 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय के खूबसूरत शहर शिलॉन्ग पहुंचे। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन 23 मई को अचानक दोनों लापता हो गए। करीब 10 दिन बाद पुलिस को एक गहरी खाई से राजा का शव मिला, जो बुरी तरह क्षत-विक्षत था। शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे साफ था कि यह एक प्लान्ड मर्डर था। उस समय सोनम गायब थी, जिससे शक और गहरा गया।

बाद में सोनम ने उत्तर प्रदेश में पुलिस के सामने सरेंडर किया। पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। सामने आया कि सोनम का राज कुशवाहा नाम के युवक से अफेयर था। प्लान के तहत सोनम ने राजा को घूमने के बहाने एक सुनसान जगह पर बुलाया, जहां पहले से उसके साथी मौजूद थे। वहीं, पर राजा पर दो चाकुओं से हमला किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद सोनम मौके से भाग निकली। पुलिस ने बाद में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

राजा रघुवंशी मर्डर केस अब कानूनी लड़ाई का नया चरण में पहुंच गया है। पीडित परिवार (Victim Family) हाईकोर्ट और CBI की मांग पर अड़ा है। सोनम की जमानत के बाद राज कुशवाहा की जमानत याचिका पर भी सुनवाई हो रही है। पूरा देश इस केस को देख रहा है, क्या न्याय सिर्फ कागजों की चूक का शिकार हो जाएगा या सच्चाई जीतेगी? परिवार की लड़ाई जारी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+