MP उपचुनाव 2020 : कांग्रेस छोड़कर BJP में गए नेताओं के दो वीडियो वायरल, तोमर ने पकड़े कार्यकर्ता के पैर
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। ये वो सीटें हैं, जो विधायकों की बगावत व निधन के कारण खाली हुई हैं। भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर उनके खेमे आने वाले विधायकों को ही मध्य प्रदेश उपचुनाव 2020 में प्रत्याशी बनाया है। इनमें से कई प्रत्याशी अब घुटनों के बल आ गए हैं।
Recommended Video

एमपी में तीन को मतदान, दस को मतगणना
मध्य प्रदेश उपचुनाव में तीन नवंबर को मतदान व दस नवंबर को मतगणना है। जीत के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक रखी है, मगर इस बीच भाजपा के दो प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर और तुलसी सिलावट के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से मध्य प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। एक वीडियो में तोमर वोट के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता के पैर पकड़ते नजर आ रहे हैं। दूसरे वीडियो में भारी विरोध के चलते सिलावट मौके से बैरंग लौटते दिख रहे हैं।

भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर का वारयल वीडियो
ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक प्रद्युम्न सिंह तोमर मध्य प्रदेश उपचुनाव 2020 में ग्वालियर ईस्ट सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं। कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने के बाद इन्हें शिवराज सिंह चौहान सरकार में ऊर्जा मंत्री बनाया गया था। ये उपचुनाव में समर्थन पाने के लिए हाल ही कांग्रेस नेता रघुनाथ सिंह तोमर के घर गए और उनको मनाने की कोशिश करने लगे। हद तो तब हो गई जब प्रद्युम्न सिंह रघुनाथ सिंह के पैरो पर गिर गए और वोट के लिए गिड़गिड़ाए लगे।
सांसद यादव ने कसा तंज- कांग्रेस के कार्यकर्ता बिकाऊ नहीं
एमपी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी तोमर द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ता तोमर के पैर पकड़ने का वीडियो कांग्रेस सांसद अरुण यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'देखिए कैसे एक बिकाऊ मंत्री ने कांग्रेस के टिकाऊ कार्यकर्ता के आगे घुटने टेक दिए। कांग्रेस के चंद नेता बिकाऊ हो सकते हैं, मगर कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता टिकाऊ हैं।
जब पकड़ लिए थे शिवराज सिंह चौहान के पैर
मध्य प्रदेश उपचुनाव में यह कोई पहला मौका नहीं है जब भाजपा नेता प्रद्युम्न सिंह तोमर पैर पकड़ते नजर आए हैं। इससे पहले एक चुनावी रैली में प्रद्युम्न सिंह तोमर भरे मंच पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पैरों में सिर रखते नजर आए थे। तोमर का यह वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।

कांग्रेस नेता दिग्विजय ने भी साधा निशाना
मध्य प्रदेश उपचुनाव 2020 में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। बगावत करके भाजपा नेताओं पर तंज कसने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा सीएम के पैर पकड़ने वाला वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते दिग्विजय सिंह ने लिखा कि 'सिंधिया के खास मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने शिवराज सिंह चौहान के पैरों में रखा दो बार सिर। वहीं, अब कांग्रेस कार्यकर्ता के पैर पकड़ने वाले वीडियो पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि 'यही फर्क है बिकाऊ और टिकाऊ में। कांग्रेस को अपने टिकाऊ कार्यकर्ताओं और नेताओं का पूरा ख्याल रखना चाहिए। अभी तो घुटने टेके हैं। 3 नवंबर तक यह साष्टांग करेंगे। चुनाव हारने के बाद आंख दिखाएंगे।'

तुलसी सिलावट का वायरल वीडियो
मध्य प्रदेश उपचुनाव 2020 में कांग्रेस से बागी होकर भाजपा आने वाले प्रत्याशियों की राह आसान नहीं है। सांवेर विधानसभा उपचुनाव में जीत को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट वोट मांगने के लिए नाहरखेड़ा पहुंचे थे, जहां पर तुलसी सिलावट को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद सिलावट वहां से लौटना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications