मध्य प्रदेश के गरोठ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत
भोपाल। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गरोठ विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार चंदर सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस उम्मीदवार सुभाष सोजतिया को 12,945 मतों के अंतर से हरा दिया। गरोठ विधानसभा उपचुनाव के लिए 27 जून को मतदान हुआ था।

जिला मुख्यालय मंदसौर में बनाए गए नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, 19 चक्र की मतगणना के बाद सिसोदिया की जीत की घोषणा की गई। वह पहले दौर से ही बढ़त बनाए हुए थे। मतगणना पूरी होने के बाद सिसोदिया को जहां 81,449 मत मिले, वहीं सोजतिया को 68,504 मत प्राप्त हुए।
गरोठ विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान में 71.36 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
मतगणना जिला मुख्यालय के राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय में हुई। गरोठ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों के अतिरिक्त छह निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी किस्मत आजमाई। पहले डाक-मतपत्रों की गिनती हुई, उसके बाद ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से डाले गए मतों की गिनती हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications