भोपालः हादसे में घायल युवक की मदद कर रहे ड्राइवर को गांव वालों ने बंधक बनाकर पीटा, गलतफहमी बनी वजह
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घायल की मदद करन पहुंचे शख्स को कुछ लोगों ने पीट दिया। यह पूरा मामला राजधानी भोपाल से लगे बैरसिया इलाके का है। जहां दो बाइक की आपसी भिड़ंत में एक नाबालिग की मौत हो गई और उसका भाई घायल हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे कार चालक प्रशांत सर्राफ ने अपनी कार रोकी और घायल की मदद के लिए दौड़े। लेकिन गांव वालों को इस बात की गलतफहमी हो गई कि मदद कर रहे युवक ने ही टक्कर मारी है।

इसके चलते गांव वालों ने उसे बंधक बना लिए और कार सहित उसे गांव ले गए। वहां गांव के लोगों ने युवक को जमकर पीटा। हालांकि जैसे ही पुलिस को इस घटना की सूचना मिली तो तुरंत फोर्स के साथ गांव पहुंची। इसके बाद पुलिस ने कार चालक प्रशांत सर्राफ को बचाया। इस मामले में गांव वालों के खिलाफ बलवा सहित अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाली बाइक का भी पता लगाया है।
दरअसल, भोपाल के इब्राहिमपुरा निवासी प्रशांत सर्राफ अपनी कार से रुनाहा नजीराबाद जा रहे थे। उन्होंने नरसिंहगढ़ रोड स्थित बाय नदी पुलिया के पास देखा कि एक बाइक और दो युवक सड़क पर खून में लथपथ पड़े हैं। उसी दौरान प्रशांत ने मदद के लिए तुरंत अपनी कार रोकी और डायल 100, एम्बुलेंस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचती, इसके पहले ही गांव वाले वहां पहुंच गए। उन्हें लगा कि कार वाले ने ही बाइक को टक्कर मारी है। वो प्रशांत से विवाद करने लगे।
पीड़ित कार चालक प्रशांत ने गांव वालों को समझाने की कोशिश की। लेकिन वो कुछ सुनने के लिए तैयार नहीं थे। कुछ लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया और कार सहित अपने गांव पिपलिया हसनाबाद लेकर चले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि एक कार वाले को जबरन ले जाया गया है। इसके बाद टीम गांव पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और प्रशांत को कब्जे से छुड़ाकर थाने लाया गया।












Click it and Unblock the Notifications