BJP प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा ने की CM शिवराज की तारीफ, बोले-अनाधिकृत कॉलोनियों को वैध करना ऐतिहासिक निर्णय
CM शिवराज ने कहा कि अवैध कॉलोनी में जो विकास शुल्क की राशि ली जा रही है। वह अब नहीं ली जाएगी। यानी नगरी निकाय और पंचायत द्वारा ही सड़क बिजली पानी देने सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

MP Bjp News: राजधानी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। उन्होंने मंगलवार को प्रदेश के मुखिया शिवराज द्वारा दिसम्बर 2022 तक की सभी कॉलोनियों को वैध करने, प्रदेश के बुजुर्गों को हवाई यात्रा से तीर्थदर्शन कराने और किसानों के कर्ज की ब्याज माफी करने जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को अमलीजामा पहनाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सकारात्मक राजनीति करते हुए आगे बढ़ने का काम कर रही है, हमें न कांग्रेस के आरोपों की चिंता है और ना ही इनके आरोपों से जनता प्रभावित होने वाली है।
प्रदेश सरकार ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने का लिया ऐतिहासिक निर्णय
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसकें अंतर्गत 31 दिसंबर 2016 तक बनी अनाधिकृत कॉलोनियों को चिन्हित कर उनमे मूलभूत नागरिक अधोसंरचना उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें दिसंबर 2022 तक की सभी कॉलोनियां वैध घोषित कर दी जाएंगी, उनकी प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय वास्तव में मध्यप्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, शेष निकायों में कार्यवाही तेजी से चल रही है जिसे जून 2023 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
तीर्थदर्शन योजना में गरीब बुजुर्गों के सपनों को किया पूरा
शर्मा ने कहा कि भाजपा ने विकास का मॉडल प्रदेश के अंदर पेश किया है, उसका एक उदाहरण यह भी था अवैध कॉलोनियों का नियमितीकरण करना, तो दूसरी और तीर्थ दर्शन योजना जो हर गरीब लोगों को जिनका सपना होता है कि अपने जीवन के समय में चार धाम यात्रा करके आएं। हमारी सरकार ने उन सबके सपने को पूरा किया है। वहीं उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की 15 महीने की सरकार ने तीर्थ दर्शन योजना बंद करके मध्यप्रदेश के हजारों वरिष्ठ लोगों के हक और अधिकार को छीनने का काम किया था। सीएम ने फिर से तीर्थ दर्शन योजना को प्रारंभ करके इतिहास बनाने का काम किया और अब यात्रा हवाई जहाज से भी होगी। तीर्थ दर्शन विमान सेवा का प्रथम चरण 21 मई से 19 जुलाई तक संचालित होगा, जिसमें 800 वरिष्ठ जन लाभान्वित होंगे।
कमलनाथ को कांग्रेस की नहीं कमीशन की चिंता
शर्मा ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कमलनाथ जिनको कांग्रेस की नहीं, केवल कमीशन की चिंता होती थी और होती है, वहीं शिवराज सिंह चौहान की सरकार हवाई जहाज से इन गरीबों को यात्रा क्यों करवा रही है? उन गरीब बुजुर्गों को भी हवाई यात्रा का अधिकार है, अगर उनके सपने पूरे करने का काम भाजपा की सरकार कर रही है तो कमलनाथ जी और कांग्रेस को दर्द क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा कि बीजेपी जो कहती है, वह करती है। कमलनाथ जी आपको केवल सवाल उठाना आता है लेकिन आपके ऊपर जो सवाल है आपने किसानों का कर्ज माफ करेंगे झूठ बोलकर सरकार में आए थे लेकिन आपने ना कर्जा माफ किया था ना नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता दिया था, आप एक बार फिर प्रदेश में झूठ परोसने का काम कर रहे हैं। जो किसान डिफॉल्टर हो गए थे, उन्हें हमारी सरकार ने कर्ज माफ करके नॉन डिफॉल्टर बनाया।
कांग्रेस को दिनभर सताता है पीएम मोदी का भय
शर्मा ने कहा कि हिंदू राष्ट्र के बारे में दिग्विजय सिंह को परेशानी क्यों है या कांग्रेस को परेशानी क्यों है। पीएफआई की तुलना बजरंग दल से करते हैं, इसलिए देश और प्रदेश की जनता जानती है, कांग्रेस का नेतृत्व 24 घंटे तुष्टीकरण की नीति करता है। इसलिए कांग्रेस को दिनभर पीएम मोदी का भय सताता रहता है। उन्होंने कहा कि एक विशेष वर्ग का वोट कैसे मिले, इसके लिए फूट डालो राज करो की नीति जो अंग्रेज की नीति थी, उसके जींस कांग्रेस में आज भी मौजूद हैं। देशद्रोही ताकतों के साथ खड़े रहना यही कांग्रेस का चरित्र है।
मैं किसान का बेटा, कमलनाथ उद्योगपति, मुझे उनके कद का नहीं बनना
सांसद शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी ने यह बात सही कही मैं उनके कद का नहीं हूं, भगवान मेरे ऊपर आशीर्वाद बनाए रखें कि मैं उनके कद का ना बनूं। मैं एक सामान्य गरीब किसान का बेटा हूं और कमलनाथ उद्योगपति, मुझे उनके कद का नहीं बनना। उन्होंने कमलनाथ से पूछना चाहा कि कमलनाथ जी छिंदवाड़ा के अंदर गरीबों का खून चूस कर आप उद्योगपति कैसे बने? उन्होंने कहा कि मैं आपको फिर चैलेंज करता हूं कि आप ऐसा कोई आधार मुझे बता दो, क्योंकि झूठ बोलने से काम नहीं चलेगा। जब तक इस बात का निराकरण नहीं हो जाएगा तब तक मैं छोड़ने वाला नहीं हूं। इसलिए कमलनाथ जी मैं आपके कद का न बनना चाहता हूं और ना मुझे बनने की जरूरत है।
कांग्रेस खो रही अपना अस्तित्व, कांग्रेसी हो गए अप्रासंगिक
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की परिस्थिति बन रही है कि कांग्रेस के नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान से पूरी कांग्रेस घबराई हुई है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री की लोकप्रियता जनहितैषी योजनाओं द्वारा गरीबों का जीवन बदलने के कारण है। आज गांव-गांव के अंदर हर गरीब का जीवन बदलने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकारें कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक राजनीति करते हुए हम आगे बढ़ने का काम मध्यप्रदेश में कर रहे हैं, ना आरोपों की चिंता है और ना ही इनके आरोपों से जनता प्रभावित होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications