सतना पूर्व महापौर पुष्कर सिंह हुए बागी, छोड़ा BSP का साथ
सतना, 21 जून: नगरीय निकाय चुनाव के बीच जिले में पार्टी नेताओं के बीच बगावत का सिलसिला जारी है। कांग्रेस भाजपा के बाद अब बहुजन समाज पार्टी को भी एक झटका लगा है। नगर निगम के पूर्व महापौर पुष्कर सिंह तोमर ने बसपा का साथ छोड़ दिया है।

पत्र लिखकर दिया इस्तीफा
उन्होंने बसपा के प्रदेशाध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्टी के सभी दायित्वों एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने पार्टी क्यों छोड़ी इसका उल्लेख त्याग पत्र में नहीं किया है। पुष्कर सिंह 2018 में सतना विधानसभा सीट से बसपा की टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ा था। जिसमें वह तीसरे स्थान पर रहे थे। अस्वस्थ होने के कारण वह विगत दो-तीन साल से राजनीति में निष्क्रिय थे, लेकिन अचानक पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने के कारण फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
वनइंडिया हिंदी बातचीत
पुष्कर सिंह तोमर ने वनइंडिया हिंदी से चर्चा करते हुए कहा कि बसपा में अब अच्छे नेता नहीं बचे। महापौर के चुनाव में बसपा नेता मेरे नाम पर वोट मांग रहे हैं। पार्टी और नेताओं को अपने काम के नाम पर वोट मांगना चाहिए। मेरे नाम का दुरुपयोग न हो इसलिए मैंने बसपा छोड़ दी। शहर विकास ओर जनता को अच्छा महापौर मिले, इसके लिए मैं निगम चुनाव में ऐेसे प्रत्याशी का प्रचार करूंगा जो जनता के प्रति संवेदनशील और सरल हो, जो जनता के लिए हर समय उपलब्ध हो।
बसपा से बने थे महापौर
पुष्कर सिंह तोमर 2010 में बसपा की टिकट से चुनाव लड़कर नगर निगम सतना के महापौर बने थे। लेकिन एक साल बाद उन्होंने बसपा को छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे। साल 2018 में विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने एक बार फिर बसपा की टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications