Bhopal News: होली पर ड्रोन से नजर, ड्रम-डीजे की धुन पर थिरकेगा शहर, सुरक्षा के लिए 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात
राजधानी भोपाल में इस बार होली का जश्न बेहद खास रहने वाला है। रंगों के इस पर्व पर गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में भव्य जुलूस निकाला जाएगा। हजारों लोगों की भीड़ के बीच नाच-गाना, गुलाल और फूलों की बारिश से पूरे शहर में उत्सव का माहौल रहेगा।
जुलूस की शुरुआत दोपहर 12 बजे जुमेराती से होगी, जहां सैकड़ों लोग इकट्ठा होंगे। यह घोड़ा नक्कास, मंगलवारा, इतवारा, पीपल चौक सहित विभिन्न मार्गों से होता हुआ सोमवारा पहुंचेगा।

सोमवारा में हुरियारों द्वारा नॉन-स्टॉप डांस किया जाएगा, वहीं सराफा बाजार में व्यापारियों द्वारा फूलों की वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद, जुलूस सिंधी मार्केट, जनकपुरी होते हुए दोपहर 3:30 बजे जुमेराती पर समाप्त होगा। इस दौरान पूरे शहर में रंग-गुलाल की बौछार होगी और होली का उल्लास चरम पर रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, 3 हजार जवान तैनात
होली के जुलूस और जुमे की नमाज को ध्यान में रखते हुए भोपाल में 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसी तरह, ग्वालियर और इंदौर में भी 2 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी निगरानी करेंगे। उज्जैन और ग्वालियर में ड्रोन कैमरों से सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जबकि ग्वालियर में बिना अनुमति डीजे बजाने वालों के साउंड सिस्टम जब्त किए जाएंगे।

भोपाल में 150 से अधिक जगहों पर होली मिलन समारोह
भोपाल के अलग-अलग इलाकों में इस बार भव्य होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कोलार, संत नगर, करोंद, अयोध्या नगर, अशोका गार्डन और आनंद नगर जैसी प्रमुख कॉलोनियों में भी रंगों की धूम रहेगी। कई सामाजिक संगठनों और कॉलोनी समितियों ने इस बार खास आयोजन किए हैं, जिनमें संगीत, नृत्य और रंगों के त्योहार का उत्साह देखने को मिलेगा।

मंगलवारा में किन्नर समाज की विशेष होली
हर साल की तरह इस बार भी मंगलवारा में किन्नर समाज की होली विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। गुरुवार सुबह से ही मंगलवारा और इतवारा इलाके में किन्नर समाज के लोग होली खेलने पहुंचेंगे। गणपति चौक मंगलवारा से होलिका दहन उत्सव समिति के अध्यक्ष तरुण प्रजापति ने बताया कि इस आयोजन में किन्नर समाज के लोग रंग-गुलाल उड़ाकर खुशी मनाएंगे और लोगों को शुभकामनाएं देंगे।
राजधानी में 3,500 जवानों की तैनाती, ड्रोन से होगी निगरानी
भोपाल पुलिस ने शहर के 45 अति संवेदनशील इलाकों को चिह्नित किया है। यहां 3,500 से अधिक सुरक्षाकर्मी अगले 48 घंटे तक तैनात रहेंगे। सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा टीमें गश्त करेंगी। इसके अलावा, पांच-पांच अतिरिक्त मोबाइल वैन पूरे शहर में घूमती रहेंगी, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो हफ्तों से नगर सुरक्षा समिति पदाधिकारियों के साथ लगातार मीटिंग की जा रही है, ताकि सभी क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनी रहे।
इंदौर में भी रंगों का धमाल, 100 से ज्यादा जगहों पर होली मिलन
इंदौर की 100 से अधिक कॉलोनियों में इस बार होली मिलन समारोह की भव्य तैयारियां की गई हैं। शहर के कई टाउनशिप में क्लब हाउसों में होली मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, शहर के रिसॉर्ट और होली पार्टियों के लिए एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
इंदौर में भी कड़ी सुरक्षा, 2,000 जवान तैनात
इंदौर पुलिस ने भी सुरक्षा के मद्देनजर कड़े इंतजाम किए हैं। एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि थानों के पुलिस बल के अलावा 1,000 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी डीआरपी लाइन से तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही 500 नगर सुरक्षा समिति के सदस्य और 250 मोहल्ला समिति के लोग भी सुरक्षा में सहयोग करेंगे।
सार्वजनिक स्थानों पर होली खेलने की अनुमति, हुड़दंगियों पर कार्रवाई तय
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन सहित अन्य प्रमुख शहरों में सार्वजनिक स्थलों पर होली खेलने की अनुमति दी गई है, लेकिन किसी भी तरह की बदसलूकी या हुड़दंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि कोई व्यक्ति जबरन किसी पर रंग फेंकता या उत्पात मचाता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications