हमास के आतंकियों ने जब इजराइल पर बर्बर हमला किया, तो दिग्विजय सिंह मुंह से एक शब्द नहीं निकला: नरोत्तम मिश्रा
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से प्रदेश की राजनीति में पाकिस्तान के एंट्री हो चुकी है। दरअसल प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह जाकिर नायक को शांति दूत बताते हैं वहीं जब उज्जैन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हैं तो उन्हें काजी साहब जिंदाबाद सुनाई देता है।
राजधानी भोपाल के बंसल वन में शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंडिया गठबंधन और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर निशाना चाहते हुए कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी देश की एकता और अखंडता पर विश्वास रखती है, तो उसे दिग्विजय सिंह के बयान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास करना चाहिए।

कांग्रेस बताए, क्या वो दिग्विजय सिंह के बयानों से सहमत है?
गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या कांग्रेस पार्टी दिग्विजयसिंह के बयान से सहमत है? सोनिया गांधी से मेरा सवाल है कि ऐसे भारत विरोधी लोग आपकी पार्टी में क्यों हैं? राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि बंटाढार जैसे लोग उनकी मोहब्बत की दुकान के मैनेजर क्यों हैं? प्रियंका जी कल मध्यप्रदेश आकर झूठ बोल रही थीं, उन्होंने भी इस मुद्दे पर मौन साध रखा है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह तो बड़े भाई-छोटे भाई हैं, फिर कमलनाथ जी क्यों खामोश हैं? उन्हें भी यह बताना चाहिए कि क्या वे दिग्विजय सिंह के बयान से इत्तफाक रखते हैं ? मैं कमलनाथ से कहना चाहता हूं कि इस तरह की चालबाजी चलेगी नहीं, जनता सब देख रही है।
सनातन पर हमला करने वालों मे सबसे आगे रहते हैं दिग्विजय सिंह
गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ बोलना दिग्विजय सिंह का स्वभाव बन गया है। हाल ही में एक कांग्रेसी आचार्य प्रमोद कृष्णन ने इस बारे में दिग्विजय सिंह के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा है कि ये आतंकवादियों के बाप हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह सनातन संस्कृति पर आक्रमण करने वालों की फ्रंटलाइन में रहते हैं। ये भगवा आतंक की बात करते हैं, महाकाल लोक पर सवाल उठाते हैं, राम जन्मभूमि पर सवाल उठाते हैं, किसी दूसरे धर्म पर नहीं। ये पूछते हैं कि गाय कैसे माता हो सकती है? लेकिन बकरी पर कभी सवाल नहीं उठाते। जाकिर नाइक इनके लिए शांतिदूत है और वैश्विक आतंकी ओसामा बिन लादेन को ये ओसामा जी कहते हैं। ये बाटला हाउस एनकाउंटर में मारे गए आतंकी के यहां आंसू बहाने सोनिया मैडम को ले जाते हैं।
पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे 'काजी जी जिंदाबाद'
मिश्रा ने कहा कि भोपाल जेल से जब सिमी के आतंकी भागे, तो सबसे पहले दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए। इन्हें उज्जैन में लगने वाले पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे 'काजी जी जिंदाबाद' सुनाई देते हैं। ये कह रहे हैं कि नूह जैसे दंगे मध्यप्रदेश में भी होंगे। इनका बस एक ही काम है कि मुस्लिमों को डराओ, हिंदुओं को बांटो और दंगे कराओ। इन्होंने एक फर्जी फोटो को खरगोन की मस्जिद का फोटो बताकर पोस्ट कर दिया था।

कांग्रेस की सरकारों में ही होता है कन्हैया का सिर तन से जुदा
मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह की सरकार के समय प्रदेश में सिमी का नेटवर्क इतना मजबूत था कि झिरन्या के जंगलों में कुएं में भरे हुए हथियार मिले थे। जहां कांग्रेस या घमंडिया गठबंधन में शामिल दलों की सरकारें हैं, वहां भारत तेरे टुकड़े होंगे के नारे लगते हैं। वहीं, कन्हैया का सिर तन से जुदा होता है, क्योंकि ये आतंकियों को प्रश्रय देते हैं। लेकिन जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां ऐसा कुछ नहीं होता। किसी आतंकवादी की हिम्मत नहीं है कि मध्यप्रदेश या उत्तरप्रदेश में ऐसा काम कर सके।
मिश्रा ने कहा कि ये कितने आश्चर्य की बात है कि किसी मुस्लिम देश ने हमास का समर्थन नहीं किया, लेकिन कांग्रेस उसका समर्थन कर रही है। कांग्रेस के इस रवैये को देखकर यह कल्पना की जा सकती है कि अगर ये सत्ता में आ गए, तो किसका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज जातीय जनगणना को लेकर जो बातें कर रही है, वह भी हिदुओं को बांटने की राजनीति का हिस्सा है और यह दिग्विजय सिंह जैसे लोगों की सोची समझी साजिश है।












Click it and Unblock the Notifications