दतिया में एक रात, पांच घर, 8 लाख की चोरी से गांव में दहशत गोराघाट थाना क्षेत्र के उपराय गांव में बड़ी वारदात
MP News: दतिया जिले के गोराघाट थाना अंतर्गत उपराय गांव में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे गांव में सनसनी फैला दी।
चोरों ने एक ही रात में गांव के पांच घरों को निशाना बनाया। इनमें से एक घर से करीब 8 लाख रुपए का माल चोरी कर लिया गया, जबकि चार अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया गया।

जानकारी के मुताबिक, उपराय गांव निवासी शिक्षक मनोज बुधौलिया के घर चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। घटना के वक्त पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था, जिससे किसी को भी चोरों की भनक तक नहीं लगी। चोरों ने बड़ी ही सफाई से घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटी और करीब 8 लाख रुपए का माशरुका लेकर फरार हो गए। सुबह तक परिवार को इस बड़ी चोरी का कोई अंदेशा नहीं था।
इसी रात चोरों ने गांव के अन्य चार घरों-बंटी बुधौलिया, रामप्रसाद तिवारी, रामेश्वर बुधौलिया सहित दो अन्य परिवारों-को भी निशाना बनाया। हालांकि इन घरों में चोरों को कोई खास सफलता नहीं मिली और वे वहां से खाली हाथ लौट गए। बावजूद इसके, एक ही रात में कई घरों में सेंधमारी की कोशिश से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है।
रविवार सुबह घटना का खुलासा तब हुआ, जब मनोज बुधौलिया के परिवार के सदस्य नींद से जागे और घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी खुली हुई थी और जेवरात व नकदी गायब थे। इसके बाद तत्काल गोराघाट थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का मुआयना किया।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से अहम सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि यह एक सुनियोजित वारदात प्रतीत हो रही है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाए जाने की घटना के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications