Satna: कांग्रेस ने किया 'जंगी प्रदर्शन', सरकार पर जमकर बरसे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष
सतना 10 सितंबर। जिले के रामनगर के सतना कैम्प राम जानकी मंदिर के पास कांग्रेस द्वारा पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह की अगुवाई में विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्वारा महंगाई, बेरोजगारी, बीजेपी की कथित भ्रष्ट नीतियों के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन को देखते हुये प्रशासन एवं पुलिस द्वारा बड़ी चौकन्नी व्यवस्था की गयी थी। प्रदर्शन स्थल के इर्द गिर्द जहां रामनगर, बदेरा तथा मैहर थानों की पुलिस बड़ी संख्या में तैनात रही। वहीं एसडीएम राजेश मेहता, तहसीलदार लक्ष्यराम जांगड़े, एसडीओपी मैहर लोकेश डाबर तथा अन्य अधिकारी गण भी कानून एवं व्यवस्था बनाने के लिये पूरी तैयारी के साथ डटे रहे।

इन लोगों ने किया आंदोलन की अगुवाई
पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं आंदोलन के अगुआ डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह दादाभाई ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, नगर परिषद रामनगर के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रही श्रीमती दीपा मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने धरना प्रदर्शन कर कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुये बीजेपी को आड़े हाथों लिया।

भाजपा पर जमकर बरसे डॉ राजेंद्र सिंह
विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ राजेंद्र सिंह सरकार पर बरसते भी बोले बीजेपी सरकार किसान हितैषी बनने का स्वांग रच रही है। बड़ी-बड़ी घोषणायें की जाती हैं, किन्तु जमीनी धरातल पर इसकी सच्चाई कुछ और ही है। भाजपा की कथनी और करनी में बेहद अंदर है। जिसके चलते महंगाई दिन दूने रात चौगने बढ़ती जा रही है। हर साल लाखों बेरोजगारों को रोजगार देने की घोषणा हवा-हवाई साबित हुई है। बेरोजगारी सुरसा की तरह मुंह बाये खड़ी है। पोस्ट ग्रेजुएट एवं डॉक्टरेट जैसी बड़ी-बड़ी डिग्रियां लेकर युवा चपरासी की मामूली की नौकरी के लिये भटक रहे हैं। अच्छे दिन आने का सपना दिखाने वाले उनको पकौड़े तलने की नसीहत देते फिर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने थाने का घेराव कर भारत जोड़ों अभियान के तहत मिरगीती तक पैदल यात्रा भी की

दीपा मिश्रा के खिलाफ दर्ज केस वापस लिए जाने की मांग
कांग्रेस द्वारा नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी रही दीपा मिश्रा के अधिकारियों द्वारा अभद्रता किये जाने, चुनाव में धांधली एवं जबरन एफआईआर दर्ज कराये जाने का पार्टी द्वारा इस प्रदर्शन के माध्यम से जोरदार विरोध किया जा रहा है। इस मुद्दे को भी प्रदर्शन के बिन्दुओं में प्रमुखता के साथ शामिल किया गया है। ज्ञातव्य है कि दीपा मिश्रा रामनगर परिषद अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी के बतौर मैदान में उत्तरी थी, किन्तु भाजपा द्वारा बिछाई गयी कूटनीतिक बिसात के चलते कांग्रेस ने धांधली का आरोप लगाते हुये चुनाव बहिष्कार कर दिया था।

प्रमुख मांगें
कांग्रेस द्वारा जिन मांगों को लेकर रामनगर में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। उनमें कांग्रेस प्रत्याशी रही दीपा मिश्रा के खिलाफ लगाये गये झूठे आरोपों की जांच कराकर दर्ज कराये गये एफआईआर को समाप्त करने चुनावी रंजिश के चलते की जा रही पुलिस कार्यवाही को खत्म करने नगर परिषद रामनगर के सीएमओ लालजी ताम्रकार एवं एसडीएम राजेश मेहता के खिलाफ चुनाव में धांधली कराने एवं कांग्रेस अध्यक्ष पद प्रत्याशी के साथ अभद्रता करने पर एफआईआर दर्ज किये जाने की मांग जिला प्रशासन एवं शासन से की गयी है। इसके अतिरिक्त न्यू रामनगर को जब तक राजस्व ग्राम घोषित नहीं किया जाता, तब तक टैक्स नहीं वसूले जाने, संपत्ति कर वसूली में पक्षपात न करके एक समान कार्यवाही किये जाने की मांग भी कांग्रेस द्वारा उठाई गयी है।

भारत जोड़ो यात्रा के लिए निकले
रामनगर थाना घेराव ज्ञापन देने के बाद भारत जोड़ो यात्रा के लिए 8 किलोमीटर दूर ग्राम गोरसरी के लिये कार्यकर्ताओं के साथ राजेंद्र सिंह रवाना हुए।












Click it and Unblock the Notifications