कम्प्यूटर बाबा : नर्मदा न्यास ट्रस्ट का पद संभालते ही बोले- 'अब जल्द ही हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराओ'
bhopal News in Hindi, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति का हिस्सा बने कंप्यूटर बाबा आए दिन सुर्ख़ियों में रहते हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में खुलकर कांग्रेस का समर्थन करने वाले कंप्यूटर बाबा को अब उड़नखटोला चाहिए। उन्होंने नर्मदा नदी के निरीक्षण के लिए सरकार से हेलीकाप्टर की मांग की है।

नर्मदा के लिए अगर जल्द काम करना है तो हेलीकॉप्टर से देखना पड़ेगा कि कहां-कहां गन्दगी है, कहां काम करना है। जल्दी देखने के लिए हेलीकॉप्टर चाहिए। कम्प्यूटर बाबा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से उन्होंने हेलीकाप्टर की मांग रखी है।
दरअसल, कंप्यूटर बाबा को नर्मदा, मंदाकिनी और क्षिप्रा नदी न्यास का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने मंगलवार को मंत्रालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान बाबा ने नर्मदा, क्षिप्रा, मंदाकिनी में अवैध उत्खनन रोकने के लिए टोल फ्री नंबर 1800120106106 जारी किया। इस नंबर पर शिकायत होगी।

वहीं मीडिया से चर्चा में बाबा ने कहा नर्मदा तट के दोनों ओर पेड़ लगाने और नर्मदा को सुरक्षित करने के लिए मेरे साथ संत समाज लगा रहेगा। उन्होंने कहा नर्मदा के निरीक्षण के लिए दिग्विजय सिंह से हेलीकॉप्टर की मांग की है। उनका कहना है कि जल्दी काम करना है तो हेलीकॉप्टर से निरीक्षण करना पड़ेगा। कंप्यूटर बाबा ने कहा नदियों के संरक्षण को लेकर सुझावों के आधार पर काम करूँगा। अवैध रेत उत्खनन को रोकेंगे।
पदभार ग्रहण करने के बाद कम्प्यूटर बाबा ने घोषणा भी की कि नर्मदा संरक्षण के लिए नर्मदा युवा सेना का गठन किया जाएगा। गौरतलब है कि कम्प्यूटर बाबा को 11 मार्च को "नर्मदा, मंदाकिनी और क्षिप्रा नदी न्यास" का अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन बाबा के अध्यक्ष बनने के कुछ घंटे बाद आचार संहिता लग गई थी जिस कारण बाबा पदभार ग्रहण नहीं कर पाए थे। जिसके बाद अब उन्होंने पदभार ग्रहण किया है।












Click it and Unblock the Notifications