खरगोन हिंसा में शिकार हुए शिवम का इलाज कराएगी MP सरकार, सीएम शिवराज ने दिया बयान
खरगोन हिंसा का शिकार धार जिले के शुक्ला परिवार का बेटा शिवम अस्पताल में भर्ती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शिवम की हालत देखने के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सरकार द्वारा शिवम का इलाज कराने की बात कही।
भोपाल, 15 अप्रैल। मध्य-प्रदेश के खरगोन में हुई सांप्रदायिक हिंसा ने कई परिवारों का सुख चैन छीन लिया है। ऐसे ही धार के शुक्ला परिवार को इस घटना ने सदमे में डाल दिया है। दरअसल इस परिवार का 16 साल का बेटा शिवम खरगोन में हुई हिंसा का शिकार हो गया। मामा के घर पढ़ाई कर रहे शिवम की बहन की 2 दिन बाद शादी थी, उसकी हालत देखकर फिलहाल यह शादी कुछ महीनों के लिए डाल दी गई है। शिवम की स्थिति ऐसी है कि वह न कुछ बता पा रहा है और न ही कुछ बोल रहा है। उसकी आंखों से केवल आंसू बह रहे हैं।

मीडिया से चर्चा के दौरान परिजनों ने बताया कि शिवम न तो तालाब चौक गया और न जुलूस में शामिल हुआ, बल्कि वह तो जमीदार मोहल्ले में घर के पास बने मंदिर में पूजा कर रहा था। इस दौरान उपद्रवियों ने बवाल मचा दिया। वहां गोलियां और पत्थर चलने लगे। एक पत्थर शिवम को लगा और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति देखकर इंदौर रेफर कर दिया।
मुख्यमंत्री शिवराज ने शिवम का जाना हाल
शिवम के बारे में मीडिया में हो रही चर्चा से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उसका हाल जानने पहुंचे। शिवम की हालत स्थिर है। आपको बता दें कि उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शिवम का इलाज सरकार कराएगी।
बता दें कि शिवम धार जिले के मिर्चपुर का रहने वाला है और अपने मामा के घर खरगोन में पढ़ाई करता है। शिवम आईटीआई से कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा कर रहा है। परिजनों ने बताया कि उसकी बहन की शादी 17 अप्रैल को होने वाली थी। ससुराल गुजरात में है। शादी की सारी तैयारियां हो गई हैं। कार्ड भी बंट चुके हैं, लेकिन शिवम की हालत देख परिवार सदमे में है। इस वजह से अब शादी करीब 2 महीने के लिए टाल दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications