MP में महिला सशक्तिकरण का नया युग शुरू हुआ, बदलाव लाई है लाड़ली लक्ष्मी योजना: सीएम शिवराज

cm shivraj singh chouhan:लाड़ली लक्ष्मी योजना मध्य प्रदेश की बेटियों के जीवन में बदलाव लाने वाली योजना सिद्ध हुई है। योजना के क्रियान्वयन से सिर्फ बेटियों को छात्रवृत्ति राशि ही नहीं मिली, बल्कि उनके सशक्तिकरण का नया युग शुरू हुआ है। यह कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का। उन्होंने यह बात भोपाल में आयोजित लाड़ली लक्ष्मी योजना के छात्रवृत्ति राशि अंतरण के तहत कही। बोले कि बालिकाओं और बहनों को सशक्त बना कर पर्यावरण-संरक्षण, नशामुक्ति और अन्य सामाजिक अभियानों में उनकी भागीदारी से उन्हें नेतृत्व करने की भूमिका में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक से 3 लाख 33 हजार 842 लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं के लिए 107 करोड़ 67 लाख रूपये की छात्रवृत्ति राशि अंतरित की। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए 5 लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को पुरस्कार भी दिए गए। कार्यक्रम में भोपाल महापौर मालती राय उपस्थित थी। विभिन्न जिलों में पंचायत और आँगनवाड़ी केन्द्रों में भी बहनें और बेटियाँ इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 में प्रारंभ की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना ने बालिकाओं के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य किया है। योजना के लागू होने से समाज की मनोवृत्ति में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। बेटियों के जन्म को भी प्रोत्साहन मिला है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पहले परिवार में बेटे और बेटी के जन्म के समय ही भेदभाव देखने को मिलता था, तो कष्ट होता था। उन्होंने वर्ष 1990 में विधायक, वर्ष 1991 में सांसद और वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री बनने के बाद बालिकाओं के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास बढ़ाते हुए आज बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने का कार्य प्रारंभ किया है। सीएम बोले कि लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 से महाविद्यालय में प्रवेश लेने पर फीस की व्यवस्था राज्य सरकार कर रही है। मेडिकल, इंजीनियरिंग, लॉ के पाठ्यक्रमों के साथ उच्च शिक्षा से जुड़े अन्य पाठ्यक्रमों के लिए भी राज्य सरकार फीस की व्यवस्था करेगी। बेटियों की शिक्षा से परिवार सशक्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications