बैरसिया के जगदीशपुर में ₹28 करोड़ लागत के विभिन्न विकास कार्यों का CM शिवराज ने किया भूमिपूजन और लोकार्पण
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के जगदीशपुर में ₹28 करोड़ लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को बैरसिया में जगदीशपुर नामकरण शिला का अनावरण किया। आपको बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही इस्लामनगर गांव का नाम बदलकर जगदीशपुर किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आजादी के 75वें साल में इस्लाम नगर का 308 साल पुराना गौरव लौट रहा है। अब इसे पुनः जगदीशपुर के नाम से जाना जाएगा। जगदीशपुर का किला अपनी वास्तुकला के लिए पहचाना जाता है। इतिहास में भी इसका काफी नाम रहा है। लेकिन मुगल शासक औरंगजेब के एक भगोड़े सेनापति दोस्त मोहम्मद खान ने दोस्ती का हाथ बढ़ाकर धोखे से राजा नरसिंह देवड़ा को बर्बरता के साथ मार दिया। 2008 में जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तो हमने इस्लाम नगर का नाम पुनः बदलकर जगदीशपुर करने का आग्रह किया, तब कांग्रेस ने कहा कि यह असंभव है। असंभव को संभव करने का नाम ही पीएम मोदी और बीजेपी है।
सीएम शिवराज ने कहा कि छल-कपट और बर्बरता के साथ जगदीशपुर का नाम बदलकर इस्लामनगर रखा गया था। ये काला अतीत है, जो मन को पीड़ा देता था। अपने गौरव और मान सम्मान के लिए प्राणोत्सर्ग करने वाली रानी कमलापति के नाम पर हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नामकरण किया गया। पुराना वैभव और गौरव लौटना चाहिए। हमारे खजाने में गरीब के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में जगह-जगह विकास यात्राएं निकल रहीं हैं। जिन गरीबों को राशन नहीं मिल रहा, उनके नाम जोड़े जा रहे हैं। जिनके पास रहने के लिए जमीन नहीं, उनके लिए सीएम आवासीय भू-अधिकार योजना बनाई।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूरे मध्य प्रदेश में विकास यात्रा जारी है। अब तक 16,318 लोकार्पण, 12,526 शिलान्यास हुए हैं और सैकड़ों करोड़ की राशि से विकास कार्य जारी हैं। विकास यात्रा के दौरान प्रशंसनीय नवाचार हो रहे हैं, जैसे देवास में कुपोषित बच्चों को समाज के सहयोग से खुशहाली की टोकरी दी जा रही है।
सूीएम ने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हमने लाडली बहना योजना बनाई। इसमें गरीब बहनों के खाते में एक हजार रुपए हर महीने आयेंगे। बहने सशक्त होंगी तो परिवार, समाज, प्रदेश और देश सशक्त होगा। संपूर्ण मध्यप्रदेश मेरा परिवार है, अपना परिवार सुखी हो गया तो मेरा मुख्यमंत्री बनना सफल हो जाएगा। आपकी प्रसन्नता, आपके चेहरे की खुशी हमारी जिंदगी को सार्थक कर देती है।












Click it and Unblock the Notifications