सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर CM शिवराज ने किया नमन, बोले-'दीदी की बहुत याद आती है'
भोपाल, 06 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की आज पुण्यतिथि है। सुषमा स्वराज के पार्टी के अलावा विपक्षी नेताओं से भी अच्छे रिश्ते थे। यही वजह थी कि उन्हें विपक्ष के नेता भी सम्मान देते थे। उनकी पुण्यतिथि पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने याद किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि आज आदरणीय दीदी सुषमा स्वराज जी की पुण्यतिथि है, उनकी बहुत याद आ रही है। बरबस उनका मुस्कुराता हुआ चेहरा बार-बार सामने आ जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि कई बार आज ऐसा आभास हो रहा है कि वह मुझे स्नेह से समझा रही हैं कि इतना काम मत करो, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो। जैसा कि वह मुझे अक्सर कहा करती थीं। जब भी आदरणीय सुषमा दीदी बोलती थीं कि तो ऐसा लगता था कि माता सरस्वती उनकी जिह्वा पर विराजमान हैं।
दीदी के पास स्नेह के साथ-साथ अपार अनुभव था, जिसे वह सस्नेह खुले मन से बांटती थीं। उन्होंने मुझे भी सदैव धैर्य से सिखाया और मार्गदर्शन किया। हम सबकी प्यारी दीदी सुषमा ने प्रदेश व देश के लोगों के साथ-साथ अपने सेवा भाव व कर्म से दुनिया का हृदय जीता। आज भी वह अपने कार्यों एवं विचारों के माध्यम से असंख्य लोगों की स्मृतियों में जिंदा हैं और सदैव रहेंगी। पुण्यतिथि पर दीदी के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
2019 में हुआ था निधन
सुषमा स्वराज का जन्म 14 फरवरी 1952 को अंबाला में हुआ था। सुषमा स्वराज एक तेजतर्रार महिला नेता थी। सुषमा स्वराज नरेंद्र मोदी की पहली सरकार में भारत की विदेश मंत्री थीं। उन्हें सात बार संसद सदस्य के रूप में और तीन बार विधान सभा के सदस्य के रूप में चुना गया था। वह मध्य प्रदेश में विदिशा से भी सांसद थीं। उन्होंने 13 अक्टूबर 1998 से दिल्ली के 5 वें मुख्यमंत्री के रूप में भी काम किया। वहीं, 6 अगस्त 2019 को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।
ये भी पढ़ें- पेंशनरों को मध्य प्रदेश सरकार की बड़ी सौगात, बढ़ाया महंगाई भत्ता, बढ़ेगी पेंशन












Click it and Unblock the Notifications