Bhopal Weather: बादलों ने रोकी सूरज की तपन, कई शहरों में होगी बूंदाबांदी, राजस्थान में एक्टिव चक्रवात का असर
राजधानी भोपाल में शनिवार को शाम तक हल्की बूंदाबांदी के साथ आंधी चलने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

राजधानी भोपाल में इन दिनों मौसम के कई रंग नजर आ रहे हैं। इससे शहर में उमस और बेचैनी बढ़ने लगी है। कुछ शेहरों में हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। बावजूद पारे में बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को दिन में धूप खिली थी, लेकिन शाम होते-होते मौसम बदल गया और भोपाल, खंडवा में तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई।
राजगढ़ में सीजन में पहली बार दिन का तापमान 40 डिग्री
भोपाल संभाग की बात करें तो राजगढ़ को छोड़कर बाकी शहरों में तापमान 20 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं राजगढ़ में सीजन में पहली बार दिन का तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया है। इंदौर जबलपुर समेत 10 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से ज्यादा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण आए बादलों से शाम के समय में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। 3 दिन तक मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं।
साइक्लोन के कारण आसमान में बादल छाए
अगले 24 घंटे के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि राजस्थान पर बने साइक्लोन के कारण आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद मौसम बदल सकता है। शाम को शहर के किन्ही क्षेत्र में हल्की और मध्यम बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया।
15 अप्रैल तक तेज गर्मी नहीं !
मौसम विज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल तक कई शहरों में बूंदाबांदी होती रहेगी, इसलिए 15 अप्रैल तक मान सकते हैं कि गर्मी का प्रकोप कम रहेगा। जबलपुर, रीवा, शहडोल संभाग में बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, भोपाल संभाग में भी कहीं-कहीं बौछारें गिर सकती है। ऐसा राजस्थान में चक्रवात एक्टिव होने और ट्रफ लाइन के गुजरने के कारण होगा।
पिछले साल की तुलना में इस बार अप्रैल का तापमान 1 डिग्री कम
मौसम विभाग की माने तो इस बार सीजन में अप्रैल का तापमान पिछले साल की तुलना में 1 डिग्री कम रहा है। भोपाल में अभी तापमान 40 डिग्री के पार नहीं पहुंचा, जबकि पिछले साल पहले हफ्ते में सूरज के तीखे तेवर देखने लगे थे। इंदौर ग्वालियर उज्जैन और जबलपुर में भी मौसम का मिजाज बदला है। अभी तापमान से 30 डिग्री के अंदर ही है। वहीं रात के तापमान में भी कमी है। बड़े शहरों में रात का तापमान 20 से 21 डिग्री के आसपास ही है।
अप्रैल के महीने में भी बादल छाने की क्या है वजह
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि सेंट्रल राजस्थान पर चक्रवात एक्टिव है। ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। यह मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र से लेकर तमिलनाडु का गुजर रही है। इससे सुबह मौसम साफ रहता है लेकिन दोपहर बाद बादलों का दौर शुरू हो जाता है। शाम होते होते बूंदाबांदी के आसार बन जाते हैं। इसके साथ ही उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का भी सिलसिला जारी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो-तीन दिनों तक मौसम इस प्रकार का ही रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications